चांपा। किसान स्कूल बहेराडीह में इस समय बिहान की महिलाएं कृषि अवशेष सब्जी भाजी और फल फूल के रेशे से रंग बिरंगी हर्बल राखियां बना रहीं हैं। बिहान से जुड़ी गंगे मईय्या महिला स्व सहायता समूह की महिलाएं पिछले 7 साल से इस कारोबार को कर रही हैं और प्रतिवर्ष राखी त्यौहार के समय इनकी अच्छी आमदनी हो जाती है।
जिले में यह एक ऐसा गांव है, जहाँ की महिलाएं सीजन के हिसाब से कई तरह के कारोबार करती हैं। समूह की अध्यक्ष लक्ष्मीन यादव, सचिव पुष्पा यादव ने बताया कि बलौदा ब्लॉक अंतर्गत कुरदा कलस्टर के ग्राम बहेराडीह की गंगे मईय्या महिला स्व सहायता समूह बिहान से जुडक़र कई तरह की आजीविका गतिविधियों का संचालन करके आमदनी ले रही हैं।
किसान स्कूल में कृषि अवशेष साग सब्जी और फल फूल के रेशे निकालकर रंग बिरंगी हर्बल राखी बनाने का काम महिलाएं कर रही हैं। इनमे केले का रेशा, लाल भाजी और चेंच भाजी के रेशे के अलावा धान, गेहूं ,चावल के दानों का भी उपयोग किया जाता है।
-समूह की महिलाओं ने बताया कि इस समय खेती का काम हमारी पहली प्राथमिकता है। खेत से घर लौटने के बाद समय निकालकर प्रतिदिन सुबह, दोपहर और शाम के समय राखी बनाने का काम करतीं हैं। महिलाओं की इस तरह के काम मे बच्चे भी बड़े शौक से करते हैं।
बिहान की इन महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णदेव साय समेत स्थानीय प्रशासन को डाक से अपने बिहान समूह द्वारा बनाई गई हर्बल राखी भेजने का निर्णय लिया है।