जमशेदपुर। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा चुनाव-2024 के बाद राज्य में फिर से अपनी सरकार बनने के बाद हर परिवार को एक लाख रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि हमने हर परिवार को लाख-लाख रुपये देने का फॉर्मूला तैयार कर लिया है। इसका खुलासा समय आने पर किया जाएगा। वे गुरुवार को जमशेदपुर के उलियान में झामुमो के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे निर्मल महतो के 37वें शहादत दिवस समारोह में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री सोरेन ने राज्य में चल रही अपनी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं गिनाते हुए कहा-हमने राज्य की जनता को सर्वजन पेंशन योजना और वृद्धा पेंशन के बाद मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना देने का काम किया है। इन योजनाओं से भाजपा वालों के पेट में दर्द हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में जल्दी चुनाव कराने की भाजपा साजिश कर रही है। हम चुनौती देते हैं, कल चुनाव करा लें, परसो इनको साफ कर देंगे। सोरेन ने कहा कि भाजपा ने 20 वर्षों तक झारखंड में राज किया लेकिन नियोजन या स्थानीय नीति नहीं बनाई। खाली पदों पर बहाली करने का काम भी नहीं किया।