
पार्षद पर लगाया उदासीनता बरतने का आरोप
कोरबा। शुरुआती बारिश में ही बांकीमोंगरा में वार्ड नं. 66 शांति नगर क्षेत्र में अजीब स्थिति निर्मित हो गई। यहां की सडक़ों में पानी भर जाने व वाहनों के आवागमन से सडक़ों में बड़े बड़े गड्ढे निर्मित हो गए हैं। इससे कई प्रकार की समस्याएं खड़ी हो गई। समस्या हल करने के लिए लोगों ने यहां-वहां संपर्क किया लेकिन नतीजे नहीं आए। नाराज होकर उन्होंने एक सडक़ को बंद कर दिया।
कोरबा जिले के कोयलांचल बांकीमोंगरा में बारिश के प्रारंभिक दौर में ही समस्याओं के साथ लोगों का पाला पड़ा है। यहां जल भराव के साथ-साथ सडक़ों की दुर्गति हो गई है। शांति नगर क्षेत्र में लोग इससे परेशान हैं। बताया गया कि बारिश से पूर्व इन गड्ढों पर कहीं कहीं मुरुम डाला गया था लेकिन पहली बारिश में यह मुरुम कीचड़ में तब्दील हो गया है और दुर्घटना का सबब बनता जा रहा है। वॉर्डवासियों ने वार्ड पार्षद कमला बरेठ को कई दफा फोन लगाया लेकिन उन्होंने किसी का फोन नही उठाया। जिससे नाराज़ वॉर्डवासियों ने इस सडक़ को बंद कर दिया है और किसी को भी इस सडक़ मार्ग से गुजरने नही दे रहे है।
नागरिकों का आरोप है कि वार्ड पार्षद कमला बरेठ वॉर्डवासियों की समस्या को लेकर कभी भी वार्ड के निरीक्षण में नहीं पहुंचती है। यदि फोन लगाओ तो फोन भी नही उठाती है। बारिश में सडक़ में गड्ढे हो जाने से पूरे सडक़ मार्ग पर पानी भर गया है। और लोगों का इस सडक़ से आना जाना भी दिनभर लगा रहता है। पार्षद के फोन नही उठाने पर नाराज़ वॉर्डवासियों ने इस सडक़ को बंद कर लोगों को नही आने जाने दिया जा रहा है। वॉर्डवासियों का कहना है कि जब तक पार्षद इस समस्या का निराकरण नही करती तब तक सडक़ को बंद रखा जाएगा। बांकीमोंगरा के वार्ड 66 शांति नगर की सडक़ को बंद कर देने से लोगों को अब अलग रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।






















