हाथियों ने धान की फसल को पहुंचाया नुकसान

सूरजपुर। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर वन परिक्षेत्र से होते हुए 11 हाथियों का दल सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में प्रवेश कर गया है। तीन दिनों में हाथियों ने लगभग सात हेक्टेयर में धान, मक्का सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचाया है। प्रभावित क्षेत्र में ग्रामीणों को सतर्क करने के साथ ही वन विभाग ग्रामीणों को टार्च भी वितरित कर रहा है।रविवार भोर में हाथी उदयपुर के नजदीक से होते हुए सायर ग्राम के समीप जंगल में जमे हुए हैं।वन विभाग लगातार हाथियों की निगरानी कर रहा है। तीन दिनों पूर्व सूरजपुर जिले के प्रेमनगर से होते हुए उदयपुर वन परिक्षेत्र में 11 हाथियों का दल घुसा है। ग्राम मनोहरपुर , दावा व आसपास में दर्जनों किसानों के खड़ी धान के फसल को नुकसान पहुंचा कर रविवार की सुबह उदयपुर के नजदीक से होते हुए सायर के रानूमाड़ा जंगल में विचरण कर रहा है। हाथियों के दल द्वारा अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं पहुंचाई गई है। वन मंडलाधिकारी टी शेखर के मार्गदर्शन में उप वन मंडलाधिकारी बिजेंद्र सिंह ठाकुर व वन परिक्षेत्र अधिकारी गजेंद्र दोहरे के नेतृत्व में वन अमला द्वारा हाथियों की सतत निगरानी की जा रही है। अलग – अलग पालियों में वन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। लाउड स्पीकर के माध्यम से हाथी विचरण कर रहे गांव सहित अगल – बगल गांवों के लोगों को भी सुरक्षित और सचेत रहने, हाथियों से दूरी बनाने गांव में मुनादी कराई जा रही है। मनोहरपुर , दावा सहित अन्य ग्राम में हुए फसल नुकसान का जायजा लेकर मुआवजा तैयार किया जा रहा है। चर्चा के दौरान वन कर्मचारियों ने बताया कि वीडियो और फोटो के चक्कर में कुछ लोग सुरक्षा चेतावनी को अनसुना कर हाथियों के बिलकुल नजदीक पहुंच जा रहे हैं। जो काफी नुकसानदायक हो सकता है। वन परिक्षेत्र अधिकारी गजेंद्र दोहरे ने बताया की हाथियों द्वारा अभी तक 17 किसानों के लगभग सात हेक्टेयर फसल व ग्राम दावा में एक व्यक्ति के घर को नुकसान पहुंचाया है। हाथियों की सतत निगरानी की जा रही है। सुरक्षा उपकरण टार्च का वितरण हाथी मित्र दल के सदस्यों को किया गया है। वनपाल दुर्गेश सिंह, चंद्रभान सिंह, गिरीश बहादुर, शशिकांत सिंह, राम बिलास सिंह, सियाराम वर्मा, वनरक्षक अमरनाथ राजवाड़े, विष्णु सिंह, अवधेश कुमार, नंद कुमार सिंह, भरत सिंह, दिनेश तिवारी, धनेश्वर सिंह, ऋषि कुमार रवि, इग्नेश बेक, बुधसाय, बसंत, प्रवीण शर्मा, रेलुश खेस के साथ वन प्रबंधन समिति के सद्स्य और हाथी मित्र दल के सदस्य हाथियों की निगरानी में 24 घंटे लगे हुए है।

RO No. 13467/9