
डभरा। ग्राम सुखदा बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार डंपर ने बीती रात सड़क किनारे जा रहे ग्रामीण को अपने चपेट में ले लिया। इससे एक ग्रामीण की मौत हो गईजबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आक्राशित ग्रामीणों ने स्वजन के साथ शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया।जानकारी के अनुसार डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सुखदा निवासी गणेश बरेठ (41) और विजय चंद्रा (26) सोमवार की रात लगभग 10.45 बजे घर से सड़क किनारे आ रहे थे तभी पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया । इस दुर्घटना में गणेशराम की मौत हो गई तो दूसरा युवक विजय चंद्रा गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने घायल को उपचार के लिए व्यवस्था कर रायगढ़ भेजा और मंगलवार की सुबह 5 बजेस्वजन व ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर सुखदा के बस स्टैंड के पास खरसिया -डभरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। वे आरोपित चालक के विरूद्ध कार्रवाई और मृतक के स्वजन को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। मौके पर पुलिस और तहसीलदार रवि राठौर , निरीक्षक लक्ष्मण खूंटे पहुंचे और उन्हें समझाईश दी। मृतक के स्वजन को ट्रक मालिक द्वारा 4 लाख रूपए देने एवं शासन की ओर से 25 हजार रूपए दिए जाने पर चक्काजाम समाप्त हुआ। दोपहर 2 बजे लगभग 9 घंटे बाद वाहनों की आवाजाही इस मार्ग पर शुरू हुई। चक्काजाम के चलतेसड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।






















