हारेंगे तो भी यहां से बहुत कुछ सीखकर जाएंगे, खेलो इंडिया विश्वविद्यालय के उद्घाटन समारोह में बोले मोदी

गुवाहाटी, २० फरवरी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को यहां खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेलों के उद्घाटन के दौरान देश के युवा खिलाडियों को हार से चिंतित होने के स्थान पर इससे सीखने के अवसर के रूप में लेने की सलाह दी। उन्होंने खिलाडियों को शुभकामनाएं देते हुए जमकर खेलने, डटकर खेलने की सलाह भी दी।पीएम ने खिलाडियों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं इस इवेंट में हिस्सा लेने आए सभी खिलाडियों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। देश के कोने-कोने से आए आप सभी खिलाडियों ने गुवाहाटी में एक भारत श्रेष्ठ भारत की भव्य तस्वीर बना दी है। आप जमकर खेलिए, डटकर खेलिए। खुद जीतिए और अपनी टीम को भी जिताइए हारेंगे तो भी यहां से बहुत कुछ सीखकर जाएंगे। खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेलों 2023 की शुरुआत शनिवार को गुवाहाटी के सरुसजाई स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कबड्डी इवेंट के साथ ही हो गई थी। यद्यपि, इस इवेंट का आधिकारिक उद्घाटन समारोह सोमवार को आयोजित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज जमुना बोरो को आधिकारिक मशाल सौंपकर समारोह का उद्घाटन किया। समारोह में पार्श्व गायक और संगीतकार पापोन ने अपनी सुरीली आवाज से एथलीटों और प्रशंसकों का मनोरंजन भी किया।

RO No. 13467/10