
रांची, ३० जनवरी । ईडी ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के दिल्ली स्थित आवास पर छापेमारी की थी। इस छापेमारी के दौरान झारखंड सीएम हेमंत सोरेन को मौके पर नहीं मिले, लेकिन ईडी की टीम ने भारी मात्रा में बंगले से नकदी बरामद की है। ईडी के अधिकारियों ने बताया कि हेमंत सोरेन के बंगले से 36 लाख रुपये नकद बरामद किए गए, साथ ही एक लग्जरी एसयूवी कार भी जब्त की गई है। ईडी ने दक्षिणी दिल्ली स्थित हेमंत सोरेन के बंगले पर छापेमारी की और ईडी की टीम करीब 13 घंटे तक बंगले में मौजूद रही। ईडी की टीम झारखंड में जमीन घोटाले में हुई कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए हेमंत सोरेन के बंगले पर पहुंची थी। ईडी ने बंगले से नकदी के साथ ही एक हरियाणा नंबर की बीएमडब्लू कार और कुछ अहम दस्तावेज भी बरामद किए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हेमंत सोरेन ने ईडी को बताया है कि वह बुधवार को रांची स्थित आवास पर मिलेंगे। इस बीच, मंगलवार का दिन अहम होने जा रहा है। मुख्यमंत्री की ओर से ईडी को ईमेल कर बताया गया है कि वे पूछताछ के लिए रांची में उपलब्ध रहेंगे। आज ईडी उनसे पूछताछ कर सकती है और आशंका जताई जा रही है कि हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी भी हो सकती है। वहीं, रांची में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के आवास, राजभवन और ईडी कार्यालय के 100 मीटर के दायरे में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी गई है। हेमंत सोरेन ने ईडी को भेजी चि_ी में लिखा है कि झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 2 फरवीर से 29 फरवरी के बीच आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री इसकी तैयारियों में व्यस्त रहेंगे। इन परिस्थितियों में 31 जनवरी 2024 को या उससे पहले बयान दर्ज करने का आपका आग्रह दुर्भावनापूर्ण है। यह राज्य सरकार के कामकाज को बाधित करने और निर्वाचित प्रतिनिधि को अपने आधिकारिक कर्तव्यों का निर्वहन करने से रोकने के आपके राजनीतिक एजेंडे को उजागर करता है। भाजपा का दावा है कि हेमंत सोरेन ने अपनी पत्नी कल्पना सोरेन का मुख्यमंत्री बना सकते हैं। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एक्स पोस्ट पर लिखा, हेमंत सोरेन जी ने अपने यानि झामुमो व कांग्रेस तथा सहयोगी विधायकों को रांची समान तथा बैग के साथ बुलाया है। सूचना अनुसार कल्पना सोरेन जी को मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री ने सूचना दी है कि ईडी के पूछताछ के डर से वे सड़क मार्ग से रांची पहुंचकर अपने अवतरित होने की घोषणा करेंगे।इससे पहले ईडी के अधिकारी दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बल लेकर सोरेन के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे। हालांकि यहां हेमंत सोरेन नहीं मिले। ईडी की टीम ने वहां 13 घंटे से ज्यादा वक्त तक डटी रही। इस दौरान वहां मौजूद ड्राइवर व अन्य स्टाफ को लेकर ईडी के अधिकारी उन्हें ढूंढने दिल्ली में एक-दो संभावित स्थानों पर भी गए। लेकिन हेमंत नहीं मिले। इस दौरान एजेंसी ने हेमंत सोरेन के आवास की तलाशी भी ली।



















