होटल, लॉज, स्टेशन में अजनबियों की हुई व्यापक जांच पड़ताल

सीएसपी, टीआई के नेतृत्व में हुई कार्रवाई, संदिग्ध सामानों की भी की गई जांच
कोरबा। जिले में आचार संहिता के परिपालन के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराए जाने के सिलसिले में एसपी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे व्यापक जांच पड़ताल अभियान के तहत कोरबा सीएसपी एवं कोतवाली टीआई के नेतृत्व में देर रात तक स्टेशन परिसर एवं शहर क्षेत्र के होटल, ढाबा एवं लॉजों में जांच-पड़ताल की कार्रवाई युद्ध स्तर पर की गई। इस दौरान अजनबियों के रिकार्डों को खंगालने के अलावा आने-जाने वाले लोगों को बैग व थैलों में रखे सामानों की भी गहन जांच की गई।
जिले में चुनाव प्रक्रिया बेहद पारदर्शी ढंग से संपन्न कराए जाने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार एसपी जितेंद्र शुक्ला ने अपने मातहत राजपत्रित अधिकारियों को एवं थाना व चौकी प्रभारियों को पूरी तरह से निष्पक्ष ढंग से काम किये जाने के लिए निर्देशित देते हुए उन्हें अपने-अपने मोर्चे पर अलर्ट कर दिया है। इसी कड़ी में एसपी श्री शुक्ला के मार्गदर्शन एवं एएसपी अभिषेक वर्मा के पर्यवेक्षण में कोरबा सीएसपी भूषण एक्का, टीआई कोतवाली रूपक शर्मा के नेतृत्व में एएसआई अजय सिंह ठाकुर, आरक्षक चंद्रकांत गुप्ता, सुनील राजपूत, श्याम सिदार आदि के द्वारा कोरबा रेलवे स्टेशन में आने-जाने वाले यात्रियों की जांच की गई। बहुतायत यात्रियों के बैग व थैलों में भी संदेहास्पद या आपत्तिजनक सामान होने के संदेह में उसकी भी जांच की गई।
इसी कार्रवाई के दौरान शहर क्षेत्र के विभिन्न होटलों एवं लॉजों में ठहरने वाले अजनबियों के भी आधार कार्ड, आईडी प्रूफ, पैन कार्ड आदि का भी सत्यापन किया गया। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों ने होटल मालिकों को एवं वहां कार्यरत मैनेजरों को यह भी निर्देश दिया कि यदि किसी बाहरी व्यक्ति के उपर संदेह हो या उसकी गतिविधि आपत्तिजनक लगे तो तत्काल सिटी कोतवाली एवं कोरबा पुलिस कंट्रोल रूम को दिए गए हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर सूचित करें। जिससे कि तत्काल कार्रवाई की जा सके। यह कार्रवाई देर रात तक चलती रही।
इसी दौरान गायब हुए बालक एवं मिले किशोरी
इसी जांच पड़ताल अभियान के दौरान टीआई रूपक शर्मा ने देखा कि एक 15 वर्षीय लडक़ी पुलिस को देखकर हड़बड़ा रही है जिसके बाद उन्होंने उसको विश्वास में लेकर उसे सांत्वना देते हुए अकेले स्टेशन पहुंचने का कारण पूछा तो वह बताई कि यहां से वो झारखंड जाना चाहती है। उक्त किशोरी के दर्री थाना में अपहरण का भी अज्ञात आरोपी के विरूद्ध उसके पालक द्वारा गुम इंसान के साथ दर्ज कराया गया है। उसे तत्काल टीआई श्री शर्मा ने साथ लाकर उसके पालक एवं दर्री पुलिस को सूचना देकर उनके हवाले कर दिया। इसी दौरान एक 9 वर्षीय बालक भी स्टेशन में मिला, जो पूछने पर नागपुर जाने की बात बता रहा था। उसके भी लापता व अपहरण का मामला सिविल लाइन रामपुर में कल ही दर्ज किया गया था। इसको भी लेकर कोतवाली पुलिस ने रामपुर चौकी एवं उसके पालक को आगे की कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया।
अभियान में आदतन गुंडा भी धराया
सीएसपी कोरबा भूषण एक्का के नेतृत्व में विशेष अभियान की कार्रवाई को लीड कर रहे टीआई कोतवाली रूपक शर्मा को यह जानकारी मिली कि लक्ष्मणबन क्षेत्र का आदतन गुंडा बदमाश जिसके उपर आधा दर्जन से ज्यादा चोरी, मारपीट एवं धमकी तथा भयादोहन के मामले चल रहे हैं। वह अपने मोहल्ले में इन दिनों पुन: रंगदारी दिखा रहा है। जानकारी मिलते ही उन्होंने लक्ष्मणबन पहुंचकर आदतन बदमाश अजय साहू उम्र 32 पिता कन्हैया साहू को भी धर दबोचा। उसके विरूद्ध धारा 110 गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई कर आज उसे रिमांड पर कोरबा न्यायालय भेजा जा रहा है।

RO No. 13467/11