न्यूयॉर्क, २४ अगस्त । संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने चंद्रयान 3 की सफलता पर इसरो को बधाई दी है। रुचिरा कंबोज ने कहा है कि चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग मानवता के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कहा कि भारत के चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास अपने विक्रम लैंडर मॉड्यूल को सफलतापूर्वक उतारा। इसमें महत्वपूर्ण बात यह है कि भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंच गया है, जहां अब तक कोई भी देश नहीं पहुंचा है।उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन न केवल चंद्रमा पर भारत की उपस्थिति का प्रतीक है, बल्कि 1.4 अरब भारतीयों की आकांक्षाओं का भी प्रतीक है। इसके अलावा यह मानवता के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास अज्ञात क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं। कंबोज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अनुसार, मिशन की सफलता हम सभी की है और भविष्य की वैज्ञानिक उपलब्धियों का वादा करती है जिससे समग्र रूप से मानवता को लाभ होगा।रुचिरा कंबोज ने कहा कि भारत का सफल चंद्र मिशन अकेले भारत का नहीं है। यह एक ऐसा साल है, जिसमें दुनिया की नजर भारत की जी-20 की अध्यक्षता पर है। एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य का हमारा दृष्टिकोण दुनिया भर में गूंज रहा है। हम जिस मानव-केंद्रित दृष्टिकोण का प्रतिनिधित्व करते हैं, उसका सार्वभौमिक रूप से स्वागत किया गया है।उन्होंने कहा कि हमारा चंद्र मिशन भी उसी मानव-केंद्रित दृष्टिकोण पर आधारित है। इसलिए यह सफलता पूरी मानवता की है और इससे भविष्य में अन्य देशों के चंद्र अभियानों को मदद मिलेगी।