1 अरब की टैक्स चोरी का नोटिस… खुर्जा के दुकानदार को आयकर विभाग ने थमाया तो सदमे में आया परिवार

बुलंदशहर। खुर्जा के मामूली किराना व्यापारी को आयकर विभाग द्वारा एक अरब से अधिक रुपए का कर चोरी करने का नोटिस थमाने का मामला प्रकाश में आया है। नोटिस मिलने के बाद से पीडि़त दुकानदार व उसका परिवार सदमे में आ गया है। पीडि़त ने बताया कि उसके आधार व पैनकार्ड का इस्तेमाल कर अज्ञात लोगों ने दिल्ली के पते पर छह कंपनिया बनाकर फ्राड किया है। पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने उक्त कंपनियों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। खुर्जा के मुहल्ला नयागंज निवासी सुधीर पुत्र ओमप्रकाश ने बताया कि वह घर पर ही एक छोटी सी किराना की दुकान चलाकर परिवार का लालन-पोषण करता है। पीडि़त का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने उसके आधार व पैनकार्ड का दुरूप्रयोग करके वर्ष 2022 में दिल्ली के अलग-अलग पतों पर छह कंपनियां खोल ली। जिस पर उस समय उसे नोटिस भेजा गया था। तब उसने जबाव दे दिया था। लेकिन अब दस जुलाई को फिर से आयकर विभाग द्वारा उसे एक अरब 41 करोड़ 38 लाख 47 हजार 126 रुपए की बिक्री का नोटिस भेजा गया है।
पीडि़त ने बताया कि अज्ञात लोगों द्वारा धोखा व जालसाजी के माध्यम से उसके साथ साइबर क्राइम किया गया है। उक्त कंपनियों से उसका कोई वास्ता नहीं है। कोतवाली प्रभारी पंकज राय ने बताया कि पीडि़त सुधीर की तहरीर पर पल्लवी एडवरटाइजिंग प्रा. लिमिटेड, कुटोन इंडस्ट्रीज इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड, फ्लैट नंबर 211, अंतरिक्ष भवन, 22 केजी मार्ग, नई दिल्ली, पेटोन कंसलटैंसी संर्विसेज प्रा.लि., प्लाट नंबर-6 डिस्ट्रिक्ट सेंटर, जनकपुरी, नई दिल्ली, मैसर्स रोहिणी इंफ्राटेक प्रा. लि., प्लाट नंबर-29सी, प्रथम तल केएच नंबर-48/14सी, ब्लाक मंदिर मोहल्लागांव समयपुर, नई दिल्ली, प्रचलित इंफ्रा एंड इंफोमीडिया प्रा. लि., 120 केजी रोड, सीपी नई दिल्ली, सुमेल इंडस्ट्रीज इंफ्राटेक प्रा. लि., 19, बीटीडब्ल्यु, 20 से 30, निकट एमसीडी, पार्क शाहदरा श्रेष्ठ विहार, पूर्वी दिल्ली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का राजफाश किया जाएगा।

RO No. 13467/11