
देवास, ११ जनवरी ।
मध्य प्रदेश के देवास में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला का शव फ्रीज में मिला है। महिला की हत्या 10 महीने पहले की गई थी। पुलिस ने मामला प्रकाश में आने के कुछ ही घंटों बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना देवास बाईपास स्थित वृंदावन धाम कॉलोनी की है।जानकारी के मुताबिक महिला और आरोपी पांच साल से लिव इन रिलेशनशिप में रहते थे। महिला शख्स पर शादी का दवाब बना रही थी। इसी से परेशान होकर युवक ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर महिला की हत्या की। इसके बाद शव को फ्रीज में बंद करके भाग निकले।महिला की पहचान पिंकी उर्फ प्रतिभा प्रजापति के तौर पर हुई है। वह संजय पाटीदार के साथ जून 2023 से वृंदावन कालोनी में इंदौर के रहने वाले धीरेंद्र श्रीवास्तव के मकान में किराये पर रहती थी। पिछले साल जून महीने में संजय ने मकान खाली कर दिया। मगर मास्टर बेडरूम और स्टडी रूम को खाली नहीं किया। इन दोनों रूमों में ताला लगाकर वह चला गया। बाद में मकान मालिक ने बलवीर सिंह को घर किराये पर दे दिया। उसके बाद भी लंबे समय तक संजय कमरे खाली करने नहीं पहुंचा। इसके बाद धीरेंद्र ने किरायेदार से ताला तोडक़र संजय के सामान को बाहर रखने को कहा।
बलवीर सिंह ने गुरुवार को कमरों का ताला तोड़ा। वहां उन्हें एक फ्रीज दिखी। उसका स्विच ऑन था। बलवीर ने स्विच बंद कर दिया। कल सुबह घर में बदबू आने लगी। किरायेदार बलवीर सिंह ने पुलिस और मकान मालिक को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद घर पहुंची पुलिस ने जब फ्रीज खोला तो होश उड़ गए। उसके अंदर महिला का शव था। पुलिस ने पिछले किरायेदार संजय पादीदार पर हत्या का शक जताया। एसपी पुनीत गेहलोद के मुताबिक आरोपी उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र मोलाना गांव का रहने वाला है। बीएनपी थाने की पुलिस ने तत्परता दिखा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी गेहलोद ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि संजय ने अपने साथी विनोद दवे के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। एसपी ने बताया कि पिछले साल मार्च महीने में हत्या की गई थी। आरोपी ने शव को फ्रीज में रखने के बाद तापमान को न्यूनतम पर सेट कर दिया। फ्रीज के बाहर कपड़ा बांधा और ऊपर अन्य सामान भी रख दिया। शव से बदबू न आए… इसलिए उसने स्विच ऑन कर दिया। पुलिस के मुताबिक शव जमा हुआ था। इस वजह से वह खराब नहीं हुआ।