10 वाहनों को जप्त किया प्रशासन ने

जांजगीर – चांपा । जिले में करीब सालभर से रेत घाटों का ठेका समाप्त हो चुका है। मगर रेत घाटों से रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन लगातार जारी है। रेत माफिया दिन रात बिना किसी डर भय के अवैध उत्खनन और परिवहन कर रहे हैं। खनिज विभाग खबर प्रकाशन के बाद जागता है और औपचारिकता निभाने के लिए अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे वाहनों पर कार्रवाई करती है। जबकि अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग के उडऩदस्ता की टीम भी गठित की गई है। मंगलवार को खनिज विभाग की टीम ने अवैध परिवहन एवं उत्खनन करते पाए जाने पर 10 वाहनों को जब्त किया। खनिज विभाग के सहायक उडनदस्ता दल प्रभारी प्रभारी पीडी जाडे एवं टीम द्वारा जिला जांजगीर चांपा के पीथमपुर, भादा, पंतोरा, चांपा, बलौदा, केराकछार एवं बम्हनीडीह क्षेत्र में खनिजों के अवैध परिवहन, भंडारण करने वाले वाहनों, स्थानों की जांच की गई। इस दौरान जिले में अवैध परिवहन करने वाले रेत के 8 ट्रैक्टर, पत्थर से भरा 1 हाईवा और ईंट से भरे 1 ट्रैक्टर को जब्त किया गया। इस प्रकार जिले में खनिजों के अवैध परिवहन करने वाले 10 वाहनों पर खनिज नियमों के अंतर्गत कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त ग्राम बम्हनीडीह तहसील बम्हनीडीह के 2 स्थान पर खनिज रेत के अवैध भंडारण किये जाने पर प्रकरण दर्ज किया गया। खनिज अधिकारी हेमंत चेरपा ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा विशेष अभियान चलाकर निरन्तर जांच किया जा रहा है। अवैध उत्खननकर्ताओं, परिवहनकर्ताओं, भण्डारणकर्ताओं के विरूद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

RO No. 13467/11