10 हजार नगदी और गांजा के साथ तस्कर को पुलिस ने पकड़ा

अंबिकापुर। गांधीनगर पुलिस ने शिवधारी कालोनी निवासी सूरज कुमार साहू (27) को दो किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से नकद 10 हजार रुपये भी बरामद किया गया है। यह रकम गांजा बिक्री की बताई जा रही है। आरोपित सूरज कुमार साहू के तार बनारस रोड चठिरमा निवासी गांजा विक्रेता रिपन बाला से जुड़े हुए थे। जिसे पुलिस ने पहले गिरफ्तार किया था।
सूत्रों के अनुसार आरोपित सूरज साहू द्वारा ही रिपन बाला को गांजा उपलब्ध कराया जाता था। जिस दिन रिपन बाला को पकड़ा गया था उसी दिन आरोपित सूरज साहू को भी योजनाबद्ध तरीके से पकड़ा गया था लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं बताई गई थी। इससे पुलिस की कार्रवाई भी संदेह के घेरे में आ गई थी। पुलिस पर आरोप था कि कुछ पुलिसकर्मियों के संरक्षण में ही यह अवैध कारोबार चल रहा था। ऐसे में पुलिस ने आरोपों से बचने के लिए सूरज साहू की गिरफ्तारी को लेकर जो जानकारी सार्वजनिक की है उसके अनुसार पुलिस टीम को मुखबीर सूचना मिली कि चठिरमा बनारस रोड के पास सूरज कुमार साहू नामक युवक अपने दोपहिया वाहन मे अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर बिक्री करने हेतु ग्राहक की तलाश कर रहा हैं, सूचना पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ किया गया।आरोपित की तलाशी लेने पर दो किलोग्राम गांजा व 10 हजार रुपये नकद बरामद किया गया। आरोपित के पास से मोटरसाइकिल भी जब्त किया गया हैं।

RO No. 13467/11