11 से 21 नवंबर तक होगा एक लाख 20 हजार नये शिक्षकों का पदस्थापन, अपर सचिव के आदेश जारी

पटना, 0९ नवंबर । राज्य में नवनियुक्त एक लाख 20 हजार शिक्षकों को विद्यालय में पदस्थापन कार्य शिक्षा दिवस पर 11 से 21 नवंबर तक होगा। इन शिक्षकों का वेतन और परिवीक्षा अवधि विद्यालय योगदान की तिथि से प्रारंभ होगा। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक द्वारा बुधवार को इस संबंध में सभी जिलाधिकारी को आदेश जारी किया गया। इसके मुताबिक नवनियुक्त शिक्षकों के पदस्थापन कार्य को देखते हुए सभी 38 जिलों में शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी गयी हैं और उन्हें विधि व्यवस्था संबंधी ड्यूटी में भी नहीं तैनात किया जाएगा। साफ्टवेयर से शिक्षकों का पदस्थापन केके पाठक ने सभी जिलाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा है कि कोई भी नवनियुक्त अध्यापक शहरी क्षेत्र के विद्यालय में पदस्थापित नहीं किए जाएंगे।ग्रामीण क्षेत्रों में भी अध्यापकों का पदस्थापन साफ्टवेयर के माध्यम से रैंडमाइजेशन करते हुए किया जाएगा। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशक की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है। कमेटी प्रत्येक जिले के अध्यापकों का पदस्थापन साफ्टवेयर से कराना सुनिश्चित करेगी। उपलब्ध शिक्षकों की संख्या और विद्यार्थियों के नामांकन को देखते हुए रैंडमाइजेशन विद्यालयवार तथा विषयवार साफ्टवेयर में इंट्री किया जा रहा है। यह कार्य दो से तीन दिनों में पूरा हो जाएगा। अध्यापकों का पदस्थापन कार्य छठ की छुट्टियों के बीच भी होगा। जिलाधिकारी को अहम जिम्मेवारी नवनियुक्त शिक्षकों का पदस्थापन हेतु सभी जिलाधिकारी को जिम्मेवारी दी गयी है कि तय अवधि के बीच कितने चरण में अध्यापकों का योगदान कराएंगे, यह जिलाधिकारी तय करेंगे।योगदान की अवधि में विद्यालयों में प्रधानाध्यापक मौजूद रहेंगे। प्रधानाध्यापक ही योगदान पत्र जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से स्वीकृत कराएंगे। यह कार्य अभियान के रूप में होगा। किसी भी परिस्थिति में योगदान करने वाले अध्यापकों का वेतन भुगतान एक दिसंबर से कराना सुनिश्चित करेंगे।

RO No. 13467/11