117 मकान मलबे में ढहे, 79 पशुशालाएं ध्वस्त रुक नहीं रहा बर्बादी की बारिश का तांडव

कोटला, १५ अगस्त । मूसलधार वर्षा से हिमाचल प्रदेश के जिलों में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। 43 कच्चे और पांच पक्के मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं। साथ ही 59 कच्चे और 10 पक्के मकान वर्षा की भेंट चढ़े हैं। इसके साथ ही 78 पशुशालाएं और एक दुकान भी क्षतिग्रस्त हुई है। बेघर हुए परिवारों के रहने की व्यवस्था प्रशासन ने कर दी है। साथ ही कुछ लोगों को फौरी राहत भी मुहैया करवा दी गई है।उपतहसील कोटला के तहत पंचायत राजोल में भूस्खलन से जर्म सिंह पुत्र हैलात चंद का मकान जमींदोज हो गया है। साथ ही गांव के अशोक पुत्र पुरुषोत्तम, बसंत पुत्र मचला राम, भानी राम पुत्र मचला राम, मोतीराम पुत्र रावण, उत्तम चंद, रोशन लाल पुत्र सरन दास के मकानों में दरारें आ गई हैं। सोमवार सुबह मकानों से कुछ अजीब सी आवाज आनी शुरू हुई तो लोग मवेशियों को खुला छोडक़र भाग गए। अभी लोग निकले ही थे कि एक मकान में जमींदोज हो गया। इसके अलावा साथ लगते 12-13 मकानों को खतरा पैदा हो गया है। प्रशासन ने लोगों को उक्त जगह पर न जाने की हिदायत दी है। पंचायत प्रधान व पीडि़त लोगों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। नायब तहसीलदार कोटला सीताराम ने पीडि़त उत्तम चंद और रोशन लाल को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी। एसडीएम जवाली महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मकानों को खाली करवा दिया है व फौरी राहत भी दे दी जाएगी। नूरपुरनूरपुर की मिंजग्रां पंचायत के मूंगनियाला गांव में वर्षा से तीन पक्के व तीन कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सागर सिंह, ठाकुर सिंह व प्रकाश चंद के पक्के व रानी देवी, नेक राम व पुन्नो देवी के कच्चे मकान वर्षा की भेंट चढ़े हैं। तहसीलदार राधिका ने सोमवार को मूंगनियाला गांव का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से टेंट प्रदान किए। उन्होंने बताया कि पटवारी को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।
गगल: इच्छी गांव में पवन कुमार का दो मजिला स्लेटपोश मकान वर्षा की भेंट चढ़ा है। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि आईआरडीपी से संबंधित इस परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। योल: नगरोटा बगवां विकास खंड के तहत धलूं पंचायत में सोमवार को पशुशाला ढह गई और मलबे की चपेट में दो बैल आ गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बैलों को निकाला। पंचायत प्रधान आशा देवी ने पीडि़त शेर सिंह को आर्थिक मदद देने की प्रशासन से गुहार लगाई है। पंचरुखी: पंचरुखी के लम्लेहड़ में मुंशी राम के मकान का हिस्सा गिर गया। मुंशी राम और उसके भाई जगो राम का मकान क्षतिग्रस्त हुआ है।
रविवार रात दो बजे मकान गिरने की आवाजें आने लगी तो भीतर सोये लोग बाहर निकल गए। इतने में मकान का एक हिस्सा गिर गया। सूचना मिलने के बाद पटवारी पूजा देवी ने मौके पर जायजा लिया। इसके अलावा लम्लेहड़ के ही सतपाल की पशुशाला भी वर्षा की भेंट चढ़ी है।भरमाड़: जवाली उपमंडल के तहत करडियाल गांव के वार्ड सात में पशुशाला व रसोईघर वर्षा की भेंट चढ़े हैं। अमरजीत सिंह बरामदे में सोया था कि करीब 12 बजे रसोईघर व पशुशाला गिर गई। पंचायत प्रधान जीवन लाल ने अमरजीत सिंह को सहायता देने की मांग उठाई है। एसडीएम जवाली महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पीडि़त परिवार को प्रशासन की तरफ से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। जयसिंहपुर: ब्यास का जलस्तर बढऩे से आलमपुर पुल का ढंगा ढह गया है और इस कारण पुल खतरे की जद में आ गया है। वहीं लंबागांव के ठेहडू में रामसिंह की पशुशाला ल्हासा गिरने से ध्वस्त हो गई है। मलबे में पांच बकरियां दब गई व भैंस घायल हो गई। चंबी पंचायत में रामसिंह की पशुशाला का हिस्सा गिर गया। लोअर लंबागांव में पानी लोगों के मकानों में घुस गया। बसंती पतन में किनारे खड़ी कार ब्यास में आई बाढ़ में फंस गई थी। बिलासपुर: हरिपुर तहसील के तहत धंगढ़ पंचायत के गांवों में 13 लोगों के मकानों को नुकसान हुआ है। मकानों में दरारें आ गई हैं। मनोहर लाल, प्रकाश चंद, अमी चंद, जगदीश चंद, पवन कुमार, टिल्ला गांव से अश्वनी कुमार, मुल्तान सिंह, मिलाप सिंह, परषोतम लाल व ढियूं गांव के सतीश कुमार, कंचन कुमार, अशोक कुमार, संजय कुमार व पुरुषोत्तम के मकानों को नुकसान हुआ है।संवाद सहयोगी, कांगड़ा: कांगड़ा में हाउसिंग बोर्ड कालोनी के मंदिर के पास भूस्खलन से स्टोर व मंदिर का काफी हिस्सा चपेट में आ गया। कालोनी के साथ लगते बाईपास की ओर एक गाड़ी नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई। जसवां परागपुर: जसवां परागपुर और देहरा विधानसभा क्षेत्र के तहत 20 पंचायतों में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। ये पंचायतें पौंग बांध के साथ लगती हैं। कौलापुर, कूहना, मनियाला, नाहन नगरोटा, नलेटी, लोअर सुनहेत, बड़ा, बीहण, घियोरी, बस्सी, जंबल, निचला भलवाल, नंगल चौक, डाडासीवा, लंडियाड़ा, कस्बा जागीर, रैल, बाड़ी, घमरूर व घाटी के लिए अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने उक्त पंचायतों के जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के अलावा पंचायत प्रधानों, उप प्रधानों व वार्ड सदस्यों से आग्रह किया है कि लोगों को ब्यास नदी के किनारे न जाने की सलाह दें।संवाद सूत्र, शाहपुर: उपमंडल शाहपुर के तहत कैरी पंचायत में व्यासो देवी का स्लेटपोश मकान व रैत में रोशन लाल का रसोईघर ढह गया है। मकरोटी पंचायत में दो पशुशालाएं ढही हैं। एसडीएम शाहपुर करतार चंद ने बताया कि नुकसान के आकलन के बाद ही पीडि़त परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।पंचरुखी: जयसिहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत पंचायत कोसरी के गांव देहरु में पहाड़ी दरकने लगी है और दरार बढऩे लगी है। देहरु के वार्डपंच चंद्र ने बताया कि तहसीदार विजय देव ब्यास व पटवारी ने जायजा ले लिया है। लोगों की रहने की व्यवस्था स्कूल में कर दी है। प्रशासन ने 12 परिवारों के 35-40 लोगों के लिए स्कूल में राहत शिविर बना दिए हैं।संवाद सहयोगी, नूरपुर: उपमंडल नूरपुर में 24 घंटे के दौरान 59 भवन प्रभावित हुए हैं व 29 लाख 21 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। एसडीएम गुरसिमर सिंह ने बताया कि आठ पक्के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। साथ ही नौ पक्के मकान आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा तीन कच्चे व 14 पशुशालाएं भी वर्षा की भेंट चढ़ी हैं।

RO No. 13467/11