
शिमला। मौसम विभाग ने 26 जुलाई को मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसके कारण तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। 27 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिलों में भारी वर्षा का यलो अलर्ट है। 29 जुलाई तक भारी वर्षा की संभावना है। प्रदेश में शुक्रवार को दिन की शुरुआत खिली धूप के साथ हुई। जबकि दोपहर बाद मंडी, शिमला और कुल्लू सहित अन्य स्थानों पर वर्षा हुई।
शिमला के रामनगर वार्ड में पेड़ घर की छत पर गिर गया, जिससे घर को नुकसान पहुंचा है। चंबा के नकरोड़ू-चांजू मार्ग भूस्खलन से सात घंटे तक बाधित रहा। प्रदेश में मंडी-कोटली राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) सहित 222 सडक़ें बंद हैं। मंडी जिले में 144, कुल्लू में 48, कांगड़ा में 11, लाहुल स्पीति में छह, चंबा में चार, सिरमौर व ऊना में तीन-तीन, शिमला में दो व सोलन में एक सडक़ बंद है। प्रदेश में अभी तक 36 ट्रांसफार्मर खराब हैं।