
नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कोराडी स्थित प्रसिद्ध महालक्ष्मी जगदंबा देवस्थान में शनिवार रात करीब 8 बजे एक बड़ा हादसा हुआ। मंदिर के निर्माणाधीन गेट की स्लैब अचानक गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे 17 मजदूर मलबे के नीचे दबकर घायल हो गए। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शनिवार शाम से नागपुर में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान मंदिर परिसर में चल रहे गेट निर्माण कार्य के ऊपर लगी स्लैब अचानक भरभराकर गिर पड़ी। हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे मलबे के नीचे दब गए। घटना के तुरंत बाद वहां चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, और आसपास के लोगों ने तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया। बाद में नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की टीम भी मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम तेज कर दिया। मलबा हटाने के लिए JCB मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। जिला कलेक्टर विपिन इटंकर और डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस निकेतन कदम खुद घटनास्थल पर पहुंचे और ऑपरेशन की निगरानी की। जिला कलेक्टर ने बताया कि हादसे में 17 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। उन्होंने लोगों से अफवाहें फैलाने से बचने और बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की।






















