
खरगोन: जिले के सनावद थाना क्षेत्र के घोड़वा के जंगल में महाराष्ट्र के औरंगाबाद के बिल्डर का शव मिलने से हडकंप मच गया। बिल्डर की हत्या के बाद लाश को जलाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर महाराष्ट्र पुलिस ने खरगोन पुलिस के सहयोग से 22 दिन से लापता बिल्डर के शव का पता लगाया है। जिले के भीकनगांव सनावद मार्ग पर घोड़वा घाट में औरंगाबाद के 45 वर्षीय किशोर लोहकरे का शव मिला है। इसके बाद सनावद थाना पुलिस और एफएसएल की टीम ने जांच की। महाराष्ट्र से पहुंचे असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर संजय गीत्ते और मृतक के भाई ने शव की पहचान कर पुष्टि कर दी है।
मृतक किशोर लोहकरे औरंगाबाद नामी बिल्डर है। औरंगाबाद के बालूद थाने में 17 सितंबर से बिल्डर की गुमशुदगी दर्ज है। महाराष्ट्र पुलिस की विवेचना में बड़ा खुलासा हुआ है। खरगोन एसपी धर्मराज मीना ने मीडिया से प्रारंभिक जांच में हत्या कर लाश फेंकने की आशंका जताई है।


















