24 घंटे में जारी होगा स्मॉग टावर कर्मियों का वेतन, पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने दिया आदेश

नईदिल्ली, 0९ जनवरी । पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने स्मॉग टावर को एक बार फिर बंद करने पर दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के चेयरमैन अश्विनी कुमार को कड़ी फटकार लगाते हुए इसे सुप्रीम कोर्ट की अवमानना बताया है।साथ ही प्रमुख सचिव (पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव) को 24 घंटे के भीतर कर्मचारियों का वेतन जारी करने का निर्देश दिया, जिससे स्मॉग टावर पुन: चालू हो जाए। स्मॉग टावर पर तैनात कर्मियों के वेतन का भुगतान न होने के मुद्दे पर मंत्री गोपाल राय ने प्रमुख सचिव (ईएंडएफ) को एक पत्र भी भेजा है, जिसमे उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।मंत्री गोपाल राय ने यह सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं कि भविष्य में सभी भुगतान समय पर जारी किए जाएं, ताकि स्मॉग टावर के संचालन में कोई व्यवधान न हो।उन्होंने डीपीसीसी चेयरमैन को विभाग द्वारा अपने कर्तव्यों के प्रति बरती गई इस लापरवाही पर 48 घंटों के भीतर (यानी बुधवार तक) एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया है।पर्यावरण मंत्री द्वारा प्रधान सचिव (ईएंडएफ) को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि कनॉट प्लेस में यह स्मॉग टावर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 2020 में डीपीसीसी ने स्थापित किया था। इसका संचालन अगस्त 2021 से हुआ। इसके सुचारू रूप से संचालन के लिए डीपीसीसी, एनबीसीसी और टाटा प्रोजेक्ट के बीच एक एमओयू साइन हुआ था।उन्होंने आगे कहा है कि अगस्त 2023 में डीपीसीसी के चेयरमैन ने दूसरे वर्ष के लिए ओ एंड एम (आपरेशन एंड मेंटेनेंस) फंड रोककर स्मॉग टावर का संचालन रोक दिया था। यह कार्रवाई दिल्ली सरकार के मंत्री परिषद के निर्णय के उल्लंघन में की गई थी। नवंबर 2023 में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद स्मॉग टावर को फिर से शुरू किया गया।पर्यावरण मंत्री ने यह भी कहा कि छह माह में डीपीसीसी द्वारा कोर्ट की अवमानना का दूसरा मामला है। उन्होंने इसे भी चिंताजनक बताया कि स्मॉग टावर को उस समय बंद करना पड़ा है, जब दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति ”बहुत खराब” श्रेणी में है।

RO No. 13467/11