
बिश्रामपुर। एसईसीएल भटगांव क्षेत्र की प्रगति विहार कॉलोनी स्थित कोयला कर्मचारियों के सुने आवास से करीब तीन लाख रुपये लागत के जेवरातों की चोरी के मामले में भटगाँव पुलिस ने अज्ञात आरोपित के विरुद्ध चोरी का अपराध दर्ज कर लिया है। एसईसीएल भटगाँव क्षेत्र की प्रगति बिहार कालोनी का क्वार्टर नंबर 877 भटगांव एक-दो खदान में कार्यरत इलेक्ट्रिकल फीटर राजकुमार यादव के नाम से आवंटित है और यादव आवंटित आवास में सपरिवार रहते हैं। बीते 29 जनवरी के शाम को वे अपने आवास में ताला बंद कर परिवार के साथ अपने ससुराल शंकरगढ़ गए थे।
जहां से वे बीते बुधवार को वापस लौटे। उसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उनके आवास के पिछवाड़े की खिडक़ी में लगी जाली को तोडक़र दरवाजे की चिटकनी खोलकर आवास के भीतर प्रवेश किया। उसके बाद आरोपितों ने अलमारी समेत सभी सामानों को बिखरा कर अलमारी में रखें करीब तीन लाख रुपए लागत के सोने चांदी के जेवरातों की चोरी कर ली। आरोपित अलमारी में रखा सोने का मंगलसूत्र, कान का झुमका, चांदी की पायल, कमर छल्ला, अंगूठी, बिछिया आदि चोरी करने गए। चोरी के शिकार कोयला कर्मचारी राजकुमार यादव की रिपोर्ट पर भटगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपित के विरुद्ध धारा 457, 380 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।





















