
जांजगीर। पुलिस ने लूट की एक वारदात का खुलासा करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम 2000 रुपए, एक मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई है।
सोनू सिदार निवासी मोहंदीखुर्द, सक्ती ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह एडवांस कंप्यूटर सक्ती में सीसी कैमरा लगाने का काम करता है। 29 अक्टूबर को वह अपने दोस्त लक्षद्वीप के साथ बारात में शामिल होने चांपा आया था। दोपहर लगभग 2.30 से 3.00 बजे के बीच जब वह नया बस स्टैंड के पास शराब भट्टी में शराब खरीदने गया। उसी दौरान तीन युवक बाइक से पहुंचे और दोनों से मारपीट कर 3500 रुपए और लक्षद्वीप का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। रिपोर्ट पर थाना चांपा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का अपराध दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक जेपी गुप्ता के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसमें तीन युवक एक बाइक पर जाते हुए दिखाई दिए।
बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने भोजपुर और शंकर नगर क्षेत्र में छापेमारी की। रितिक सिंह(22) निवासी भोजपुर चांपा, तुषार बरेठ (18) निवासी शंकर नगर चांपा और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान प्रारंभ में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और कड़ी पूछताछ के बाद उन्होंने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी रितिक सिंह के कब्जे से 1000 रुपए, लूटा गया मोबाइल फोन और बाइक, तुषार बरेठ से 500 रुपए और नाबालिग आरोपी से 500 रुपए जब्त किए। कुल 2000 रुपए की लूटी गई रकम बरामद की गई। तीनों आरोपियों के खिलाफ लूट, मारपीट एवं अन्य धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की विधिवत कार्रवाई की जा रही है।




















