
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘पीएम सूर्य घर’ योजना के तहत 30 लाख घरों तक रूफटाप सोलर पहुंचने की उपलब्धि को भारत की स्वच्छ ऊर्जा क्रांति का बड़ा पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल देश को ऊर्जा-सुरक्षित, हरित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है। यह बयान तब आया जब नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने घोषणा की कि देशभर में 30 लाख परिवार अब रूफटाप सोलर से जुड़ चुके हैं, जिससे वे सूरज की रोशनी को बचत और स्थिरता में बदल रहे हैं।
स्वच्छ ऊर्जा यात्रा में सराहनीय मील का पत्थर
इटरनेट मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री ने लिखा कि यह भारत की स्वच्छ ऊर्जा यात्रा में सराहनीय मील का पत्थर है। उन्होंने योजना से जुड़े सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि रूफटाप सोलर अपनाने से न केवल बिजली बिल में कमी आ रही है, बल्कि सतत विकास और आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिल रही है। पीएम मोदी ने रेखांकित किया कि सरकार का लक्ष्य देश को भविष्य के लिए तैयार, पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है और ‘पीएम सूर्य घर’ उसी विजन की सशक्त कड़ी है।























