
पसान व केंदई रेंज में गज दल का उत्पात जारी
कोरबा। वनमंडल कटघोरा के पसान व केंदई रेंज में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। पसान रेंज के सेमरहा में मौजूद 15 तथा बनिया में 33 हाथियों के समूह ने उत्पात मचाते हुए लगभग दो दर्जन ग्रामीणों की फसल को रौंद डाला, जिससे संबंधितों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। जानकारी के अनुसार हाथियों का दल रात में जंगल से निकलकर दोनों गांव के खेतों में पहुंचा और वहां उत्पात मचाते हुए फसलों को तहस नहस कर दिया। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिये जाने पर वन विभाग का अमला सुबह मौके पर पहुंचा और हाथियों की निगरानी करने के साथ ही रात में किये गए नुकसानी के आंकलन में जुट गया। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक हाथियों के ताजा उत्पात में ग्रामीणों को काफी नुकसान हुआ है। वन अमला इसके आंकलन में जुटा हुआ है। उनके द्वारा यही प्रयास किया जा रहा है कि शीघ्र ही नुकसानी का सर्वे कर रिपोर्ट कर वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दी जाए ताकि ग्रामीणों को दीपावली पूर्व मुआवजा का भुगतान किया जा सके। उधर केंदई रेंज के बोटोपाल जंगल में 11 हाथी विचरण कर रहे हैं। इन हाथियों ने भी खेतों में पहुंचकर फसलों को तबाह किया है। इस बीच 35 हाथियों की आमद कुदमुरा रेंज में हो गई है। धरमजयगढ़ क्षेत्र से पहुंचे हाथियों के दल ने बीती रात जमकर उत्पात मचाते हुए रेंज के जिल्गा गांव में कई किसानों की फसल रौंद दी। हाथियों के बड़ी संख्या में क्षेत्र में पहुंचने तथा फसल रौंदे जाने की सूचना ग्रामीणों द्वारा दिए जाने पर वन अमला मौके पर पहुंचकर हाथियों की निगरानी में जुट गया है। वहीं नुकसानी का आंकलन भी किया जा रहा है। हाथियों द्वारा खेतों में पककर तैयार फसल को रौंदे जाने से ग्रामीणों की अरमानों पर पानी फिर गया है। प्रभावित ग्रामीण फसल को बेच कर बच्चों के शादी ब्याह की सोच रहे थे, लेकिन हाथियों ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया है।





























