
बलरामपुर। झारखंड,मध्यप्रदेश व उत्तरप्रदेश की सीमा से लगे बलरामपुर जिले में चुनाव के मद्देनजर कड़ी निगरानी की जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्र में बेरियर लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। अब तक नशीली दवाओं और मादक पदार्थो, शराब की जब्ती तथा जुआरियों की धरपकड़ की गई थी। अब नकदी और सामानों की जब्ती का क्रम भी आरंभ हो गया है। उत्तरप्रदेश की सीमा पर धनवार बेरियर में लगभग चार लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। झारखंड सीमा पर स्थित रामानुजगंज नाके में 400 नग कंबल जब्त किया गया है। यह कंबल मतदाताओं को वितरित करने के उद्देश्य से लाया जा रहा था। इसका कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार बलरामपुर जिले में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील है। इसके तहत जिले में विभिन्न चेकपोस्ट में दल के गठन के माध्यम से 24 घण्टे सात दिन अवैध रूप से लाये एवं ले जाने वाले सामग्रियों हेतु सख्ती से जांच की जा रही है। स्थैतिक निगरानी दल (एसएसटी) धनवार को जांच के दौरान एक वाहन से एक लाख 30 हजार तथा अन्य वाहन से दो लाख 61 हजार 500 रुपये मिले है। दोनों वाहन चालकों के द्वारा जांच के दौरान पाई गई राशि के संबंध में किसी प्रकार का संतोषजनक जानकरी अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नही किया गया, जिस कारण एसएसटी टीम ने जब्ती की करवाई की। विधानसभा क्षेत्र रामानुजगंज कन्हर बैरियर में टीम के द्वारा 400 नग कंबल जब्त किया गया।झारखंड सीमा से लगे रामानुजगंज के कन्हर बैरियर में जब्त कंबल एक लाख 36 हज़ार रुपये की बताई गई है।एसएसटी प्रभारी के द्वारा जब्त कंबल के बारे में दस्तावेज चाहे जाने पर प्रस्तुत नही किये जाने पर कार्रवाई की गई। विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान जोर पकडऩे के साथ ही मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए भी पूरा प्रयास किया जा रहा है। निर्वाचन आयोग ने इन सामग्रियों को मतदाताओं को वितरित करने के उद्देश्य लाया जाना पाया है। इसी आधार पर कार्रवाई की गई है।
























