
रामानुजगंज। शहर में मंगलवार दोपहर हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में 5 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। शिव चर्चा भवन के पास बस स्टैंड जाने वाली सडक़ पर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बच्चे ने इलाज के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सदमे का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बस स्टैंड की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सडक़ किनारे मौजूद 5 वर्षीय बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी और बच्चा सडक़ के किनारे था, इसके बावजूद वाहन चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बच्चा नदी से नहाकर अपने घर जा रहा था। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज पहुंचाया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने बच्चे के सिर में गंभीर चोट पाई। हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय बलरामपुर रेफर किया गया, जहां से स्थिति नाजुक होने पर बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि अंबिकापुर ले जाने के दौरान प्रतापपुर के पास रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। मृतक बच्चे की पहचान लक्ष्मण सोनी (5 वर्ष), पिता गणेश सोनी, निवासी वार्ड क्रमांक 3 रामानुजगंज के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद दयनीय है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं रिंग रोड क्षेत्र में भी गहरा शोक छा गया। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि कुछ देर पहले तक बच्चा अपने साथियों के साथ खेल रहा था, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और फरार पिकअप चालक को रामचंद्रपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

















