
हाथरस, 0३ मार्च ।
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा घटित हुआ। थाना सादाबाद क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 141 के पास मंगलवार सुबह हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए। हादसा डबल डेकर बस और इको कार के बीच हुआ। इको कार ने पीछे से बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसबमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इको कार तेज गति से चल रही थी और संभवत: चालक को आगे चल रही बस का अंदाजा नहीं लग सका, जिसके चलते यह भीषण टक्कर हुई।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही स्वजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए, जहां मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं।



















