NH-19 पर लगा 65km लंबा भीषण जाम, 24 घंटे में सिर्फ 5 किलोमीटर आगे बढ़ रहे वाहन; ट्रक ड्राइवरों ने बताई परेशानी

नई दिल्ली। बिहार के रोहतास जिले में पिछले हफ्ते हुई मूसलाधार बारिश ने दिल्ली-कोलकाता नेशनल हाईवे-19 को पूरी तरह से रोक कर रख दिया है। सैकड़ों गाड़ियां पिछले चार दिनों से जाम में फंसी हैं। ट्रक, बसें, कारें और मोटरसाइकिल सब एक लंबी लाइन में खड़ी हैं। रोहतास से औरंगाबाद तक करीब 65 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। इस दौरान लोगों को कुछ किलोमीटर चलने में भी कई घंटे लग रहे हैं। पिछले शुक्रवार की तेज बारिश के बाद हाईवे पर जगह-जगह बने डायवर्जन और सर्विस लेन पानी में डूब गए हैं।

24 घंटे में सिर्फ 5 किलोमीटर का सफर

सिक्स लेन हाई का निर्माण कर रही कंपनी ने कई अस्थायी रास्ते बनाए थे, लेकिन अब वे कीचड़ और गड्ढों में बदल गए हैं। हर तरफ गड्ढे और जलजमाव होने से वाहन फिसल रहे हैं और ट्रैफिक जाम हर घंटे बढ़ता जा रहा है। कई जगहों पर तो वाहन 24 घंटे में केवल 5 किलोमीटर का सफर तय कर पा रहे हैं। जाम में फंसे ट्रक ड्राइवरों की हालत खराब है। ट्रक ड्राइवर प्रवीण सिंह ने कहा, “30 घंटे में सिर्फ 7 किलोमीटर चले हैं। टोल टैक्स और रोड टैक्स के बाद भी कोई राहत नहीं है।” एक अन्य ड्राइवर ने बताया कि दो दिन से जाम में फंसे हैं, खाने-पीने का कुछ इंतजाम नहीं है। कुछ किलोमीटर चलने में भी घंटों लग रहे हैं।

RO No. 13467/11