
गुरूग्राम, १० मार्च ।
हरियाणा में गुरुग्राम जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के सिधरावली में हाईवे किनारे सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी की निर्माणाधीन साइट पर सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। सोसायटी के पिछले हिस्से में बेसमेंट खोदाई के दौरान अचानक मिट्टी ढहने से सात श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि चार से पांच श्रमिक घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज भिवाड़ी के जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार, सिधरावली में गुरुग्राम सीमा पर ओल्ड राव होटल के पास सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी है। बताया जाता है कि सोसायटी के पिछले हिस्से में कई दिनों से बेसमेंट खोदाई का काम चल रहा था। इसमें 25 से ज्यादा श्रमिक लगे हुए थे। बताया कि सोमवार शाम सभी श्रमिक बेसमेंट में खोदाई के दौरान मिट्टी हटा रहे थे, तभी अचानक भर-भराकर पड़ोस की मिट्टी की दीवार ढह गई। इसमें 15 से ज्यादा श्रमिक दब गए। अन्य तुरंत ही वहां से भाग निकले। तीन को तुरंत ही बाहर निकाल लिया।
इस दौरान 12 श्रमिक अंदर दबे रह गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। वहीं, घटना की जानकारी लगते ही बिलासपुर थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस व अन्य बचाव दल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी व अन्य मशीनों की मदद से राहत बचाव कार्य करते हुए 12 श्रमिकों को निकाला गया। सभी को भिवाड़ी के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सात श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया। अभी पांच श्रमिकों का इलाज जारी है।जिला अस्पताल भिवाड़ी के प्रभारी डॉ. सागर अरोड़ा ने बताया कि घायल श्रमिकों को अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में जांच करने पर सात श्रमिक मृत पाए गए। बिलासपुर पुलिस ने कहा कि फिलहाल श्रमिकों की पहचान नहीं हो पाई है। सभी के बारे में जानकारी की जा रही है। जानकारी के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी। भिवाड़ी के सरकारी अस्पताल में सतीश, भागीरथ, मिलन, मंगोल, शिव शंकर, परमेश्वर समेत सात लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रथम दृष्टया सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एसीपी पटौदी योगेश कुमार का कहना है कि जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।



























