8३ वीं ट्रेन द्वारकाधीश रवाना, विदा करने पहुंचे सीएम केजरीवाल बोले- उनके पास अरबों रुपये, हमारे पास लोगों का आशीर्वाद

नईदिल्ली, २६ नवंबर । मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत शनिवार को 83 वीं ट्रेन दिल्ली के बुजुर्गों को लेकर द्वारकाधीश के लिए रवाना हुई। तीर्थयात्रियों की मंगलयात्रा के लिए त्यागराज स्टेडियम में भजन संध्या का आयोजन किया, जहां उनको विदा करने के लिए स्वयं सीएम अरविंद केजरीवाल पहुंचे। तीर्थयात्री मुन्नी देवी शर्मा ने सीएम केजरीवाल का स्वागत किया और सीएम ने सबसे बुजुर्ग तीर्थयात्री कैलाश देवी को यात्रा टिकट सौंपा। इस दौरान सीएम ने कहा कि दिल्ली की तरह अब पंजाब में भी मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना शुरू हो रही है। एक हजार बुजुर्गों को लेकर पहली ट्रेन रवाना होगी।जनता के आशीर्वाद से हमारी जहां पर भी सरकार बनेगी, हम वहां पर बुजुर्गों को तीर्थयात्रा कराएंगे। उन्होंने कहा कि इन बड़ी-बड़ी पार्टियों के पास अरबों रुपये हैं तो हमारे पास लोगों का अरबों का आशीर्वाद है। हम जनता के आशीर्वाद से ही इतनी बड़ी-बड़ी पार्टियों को हराते हैं।जनता का यह आशीर्वाद इन बड़ी-बड़ी पार्टियों से ज्यादा ताकतवर है। इस दौरान राजस्व मंत्री आतिशी समेत अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के बुजुर्गों को लेकर ट्रेन लगभग हर सप्ताह तीर्थयात्रा पर जा रही है। इसी कड़ी में आज भी एक ट्रेन 780 तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही है।इससे पहले अभी तक 82 ट्रेन यात्रियों को लेकर तीर्थ यात्रा पर जा चुकी हैं और लगभग 80 हजार तीर्थ यात्री तीर्थयात्रा करके आ चुके हैं। सीएम ने कहा कि अक्सर तीर्थयात्रा में महिलाएं ज्यादा होती हैं। इसका एक यह भी है कि हमारे समाज में आदमी तो फिर भी काम के सिलसिले में इधर-उधर घूम आते हैं लेकिन महिलाओं को मौका नहीं मिलता है। उनकी पूरी जिंदगी परिवार के लालन-पालन में गुजर जाती है। महिलाएं खुद को पीछे ही रखती हैं और सबकुछ अपने परिवार के लिया करती हैं। तीर्थ यात्रा योजना से महिलाओं को एक जाने का मौका मिल जाता है। साथ ही, मुहल्ले की कई सारी महिलाएं इक_ी हो जाती हैं तो यात्रा में उनका मन भी लग जाता है। इस अवसर पर राजस्व मंत्री आतिशी ने कहा कि भारतीय संस्कृति का हिस्सा है कि जीवन के अंतिम पड़ाव पर हमारे बुजुर्ग तीर्थ-यात्रा करते हैं और ईश्वर की भक्ति में अपना समय लगाते हैं। लेकिन बहुत से ऐसे बुजुर्ग होते हैं जो परिवार की देखरेख में व्यस्त होते हैं या फिर उनके पास तीर्थ-यात्रा पर जाने के लिए साधन नहीं होता है। इन्हीें सबका ध्यान रखते हुए मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आप सभी को तीर्थ-यात्रा पर भेजने का इंतजाम किया है।

RO No. 13467/11