
पाकिस्तान। खैबर पख्तूनख्वा में पाकिस्तान के सुरक्षाकर्मी पिछले कई सालों से स्पेशल ऑपरेशन चला रहे हैं. ऐसा ही एक ऑपरेशन बीते दिन भी चलाया गया. लेकिन इस हमले में पाकिस्तान के ही 8 जवानों की जान चली गई. हालांकि, उन्होंने लश्कर-ए-इस्लाम के 2 कमांडरों को भी मार गिराया. दरअसल, पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने सोमवार देर रात एंटी-टेरर ऑपरेशन चलाया. इस दौरान हथियारबंद उग्रवादियों और पाकिस्तान के सुरक्षाकर्मियों के बीच फायरिंग हुई, जिसमें 9 उग्रवादी मारे गए और 8 सुरक्षाकर्मियों की भी मौत हो गई. इस स्पेशल ऑपरेशन को इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर अंजाम दिया गया. खैबर पख्तूनख्वा की तिराह घाटी में कुछ देर चली मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-इस्लाम के 2 बड़े कमांडर भी मारे गए. इस ऑपरेशन में 7 उग्रवादी और 6 सिक्योरिटी पर्सनल घायल भी हुए हैं.




















