
नई दिल्ली। अफगानिस्तान में भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। अफगानिस्तान के दक्षिणी पूर्वी हिस्से में देर रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई घर मलबे में तब्दील हो गए। इस दौरान 9 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग बुरी तरह से जख्मी हैं। वहीं, भूकंप के झटकों का असर पाकिस्तान और भारत में भी देखा गया है।
संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, बीती रात अफगानिस्तान समेत दिल्ली एनसीआर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिएक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.0 मापी गई है।
9 की मौत और 15 घायल
अफगान के नांगरहार जन स्वास्थ्य विभाग ने प्रवक्ता नकीबुल्लाह रहीमी ने भी भूकंप की पुष्टि की है। रहीमी का कहना है कि भूकंप के तेज झटकों से कई घर धराशायी हो गए, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
कब आया भूकंप?
USGS के अनुसार, भूकंप का केंद्र जलालाबाद से 27 किलोमीटर दूर उत्तर पूर्व में जमीन के 8 किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया है। यह भूकंप रविवार-सोमवार की रात 12:47 मिनट पर आया।
दिल्ली NCR तक हुआ असर
भूकंप का असर दिल्ली एनसीआर तक देखने को मिला। आधी रात को अचानक धरती हिलने से कई लोग अपने घरों से निकालकर बाहर भागे। लोगों में दहशत का माहौल था। हालांकि, अफगानिस्तान की तुलना में दिल्ली एनसीआर में भूकंप के झटके हल्के थे, जिससे कोई जानमाल की हानि नहीं हुई।






























