
जांजगीर । जांजगीर व सक्ती के बीच एनएच 49 जेठा बाराद्वार के पास अब जिले का दूसरा टोल प्लाजा बनेगा। हालांकि इसका सेटअप काफी पहले से बन चुका है, लेकिन किन्हीं कारणों वश काम रुका हुआ था। लेकिन अब इस टोल प्लाजा के लिए प्रशासनिक कवायद तेज हो चुकी है। एनएच के अधिकारी मौका मुआयना करने के लिए शनिवार को दौरा भी किए हैं। साथ ही यहां पर प्रशासनिक भवन भी बनेगा। इसके लिए जमीन की नापजोख भी शुरू हो चुकी है। आने वाले कुछ दिनों में यह टोल प्लाजा अस्तित्व में आ जाएगा। सक्ती से बिलासपुर जाने वालों को आने वाले दिनों में दो-दो टोल नाका पड़ेगा। कार या इससे बड़े वाहनों में सक्ती से यदि आप रायपुर की यात्रा करेंगे तो चार की जगह पांच टोल नाका पड़ेंगे। क्यों कि बाराद्वार सक्ती के बीच जो टोल नाका निर्माणाधीन है वह बहुत जल्द अस्तित्व में आने वाला है। फोर व्हीलर के साथ भारी वाहन चालकों की जेब अब और कटने वाली है। क्योंकि उन्हें एक और टोल नाका के रूप में सरकार को टैक्स भरने पड़ेंगे। आपके वाहनों में यदि फास्टैग की सुविधा है तो कम टैक्स भरना पड़ेगा। यदि नहीं है तो टैक्स दुगुना हो जाएगा। गौरतलब है कि जिला बनने के बाद सक्ती का मुख्यालय जेठा के पास बन चुका है। ठीक यहीं पर टोल प्लाजा का निर्माण भी किया गया है। सक्ती निवासी लोग यदि कार या अन्य बड़े वाहनों में जिला मुख्यालय कार्यालय आएंगे तो उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि उन्हें केवल जिला मुख्यालय आने में टोल नाका से गुजरना पड़ सकता है।टोल नाका के पास एक प्रशासनिक भवन भी बनाया जाएगा। इसके लिए 30 बाई 25 मीटर भूमि की मांग के लिए लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा जिला प्रशासन से प्रशासनिक भवन निर्माण के लिए शासकीय भूमि आवंटन की मांग की गई है। इसके लिए दावा आपत्ति तथा सुनवाई 28 अगस्त 2023 को रखी गई है। सक्ती बाराद्वार के बीच टोल नाका निर्माण कार्य अब तेजी से चल रहा है। यहां प्रशासनिक भवन भी बनना है। जिसकी जांच पड़ताल के लिए शनिवार को विभागीय अफसरों ने दौरा भी किया है। – विजय साहू, सब इंजीनियर, एनएच 49






















