बलरामपुर। जिला चिकित्सालय में अस्पताल कर्मी के द्वारा मरीज के स्वजन के द्वारा अव्यवस्था की शिकायत करने पर कथित रूप से दुर्व्यवहार किए जाने पर जमकर बवाल हुआ। मरीज को रिफर कर दिए जाने का भी आरोप लगा इससे भाजपाइ उग्र हो गए।इसकी जानकारी भाजपा नेताओं को मिलते ही जिला कित्सालय के बाहर भाजपा जिला महामंत्री दीनानाथ यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप सोनी, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अंश सिंह सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा धरना दिया जाने लगा। नारेबाजी से माहौल गरमा गया। इसकी जानकारी एसडीएम को मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। उन्हें ज्ञापन सौंपा गया।भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अंश सिंह ने बताया कि चार दिनों से क्षय रोग से पीडि़त महिला अस्पताल में भर्ती थी। उसके स्वजन जब पहुंचे तो उसने बाथरूम में पानी नहीं होने एवं पंखा नहीं चलने की बात कही। तब महिला के स्वजन के द्वारा अस्पताल कर्मी से इसकी शिकायत की जिसके बाद अस्पताल कर्मी के द्वारा मरीज के हालात में सुधार होने के बाद भी रिफर किया जाने लगा। आरोप है कि महिला के स्वजन से दुर्व्यवहार किया गया।जब इसकी जानकारी लोगों को मिली तो सभी मौके पर पहुंचे एवं इसका विरोध किया। एसडीएम करुण डहरिया ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा नारेबाजी किए जाने की सूचना पर मैं मौके पर गया था। क्षय रोग के मरीज के पति के शिकायत पर पंखा खराब था, उसे बनने के लिए भेजा गया था। बाथरूम में पानी एवं अन्य समस्या थी जिसे लेकर शिकायत किए जाने की बात कही गई। जिसके बाद डॉक्टर के द्वारा मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने को कहा गया इसे लेकर ज्ञापन भी प्राप्त हुआ है। संबंधित को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा।