
बलरामपुर। फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए जारी अभियान में राजपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। राजपुर के ग्राम धंधापुर में पांच वर्ष पूर्व सोमरत राम नामक ग्रामीण की हत्या कर फरार आरोपित अनिल गोड़ ( 26) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के बाद से ही वह फरार हो गया था। न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने के कारण उसके विरुद्ध वारंट भी जारी किया गया था। बलरामपुर पुलिस अधीक्षक डा लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस इन दिनों फरार अपराधियों की धरपकड़ में लगी हुई है। राजपुर थाना प्रभारी रमाकांत साहू के नेतृत्व में पुलिस लगातार फरार अपराधियों की खोजबीन में लगी है। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित अनिल गोंड धंधापुर स्थित अपने घर आया है। इसी पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर में दबिश दी। यहां आरोपित अनिल गोंड को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपित ग्राम धंधापुर के ही सोमरत राम की हत्या किया था। वर्ष 2018 में यह घटना हुई थी। हत्या के बाद से ही वह फरार हो गया था। आरोपित अपना नाम व पहचान छिपाकर दिल्ली व भोपाल में रहकर काम कर रहा था। जैसे ही वह घर आया पुलिस को उसकी सूचना मिली। पुलिस ने पांच वर्ष बाद आखिरकार उसे गिरफ्तार किया। दुर्घटना के मामले में वर्ष 2016 से फरार चल रहे स्थाई वारंटी देवकुमार (34) निवासी तातापानी चंदननगर को भी पकड़ा गया। वर्ष 2016 में घटना कारित करने के बाद से लगातार फरार चल रहा था जिसकी घर पकड़ हेतु टीम द्वारा कई बार संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही थी। कार्रवाई में उप निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय, एएसआई धोबसाय पैकरा, कृष्णानंद सिंह, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र धुव, श्याम लाल भगत, विष्णुकांत मिश्रा, आरक्षक नरेन्द्र कश्यप, मोती राम राजवाडे, लखेश्वर पैकरा, बालक आरक्षक अजय टोप्पो शामिल रहे।