वाराणसी, १९ सितम्बर [एजेंसी]।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार शाम अटल आवासीय विद्यालय करसड़ा का निरीक्षण करने के बाद गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के लिए चिह्नित स्थल पर पहुंचे। वहां प्रधानमंत्री की होने वाली जनसभा कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा व पदाधिकारियों से कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को प्रधानमंत्री की सभा में आने के लिए आमंत्रित करें। देश ही नहीं दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता का जोरदार स्वागत होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के रास्ते को दुरूस्त कराने का निर्देश दिया। सीएम योगी ने कहा कि कार्यक्रम की सभी तैयारी समय से पूर्ण कराएं। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लाभार्थियों को उन्हें वापस गंतव्य तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
उन्होंने गर्मी के दृष्टिगत जनसभा स्थल पर हवा, पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के साथ सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने मुख्यमंत्री को अब तक की तैयारियों व अन्य कार्यों की सविस्तार जानकारी दी। इस दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी, श्रम मंत्री अनिल राजभर, स्टांप मंत्री रवींद्र जायसवाल, आयुष मंत्री डा. दयाशंकर मिश्र दयालु, विधायक डा. नीलकंठ तिवारी, डा. सुनील पटेल, जिलाधिकारी एस राजलिंगम, सीडीओ हिमांशु नागपाल आदि मौजूद रहे।मुख्यमंत्री शाम को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार गेट नंबर चार के बगल में बने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम आरोग्य केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया। आयुक्त कौशल राज शर्मा व मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील वर्मा से आरोग्य केंद्र में सुविधाओं की जानकारी ली। आयुक्त ने बताया कि चिकित्सकों की तैनाती की गई है। दर्शनार्थियों के साथ आसपास के लोगों को भी लाभ मिलेगा। मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि मंदिर की ओर से तैयार किए गए इस प्राथमिक उपचार केंद्र में दो बेड के अलावा प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही मंदिर की एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित दर्शनार्थियों का अभिवादन स्वीकार किया। लोगों ने हर-हर महादेव के जयकारे से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इस दौरान मंदिर न्यास अध्यक्ष प्रो. नागेंद्र पांडेय, ट्रस्टी वेंकटरमन घनपाठी व दीपक मालवीय, विधायक नीलकंठ तिवारी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मंदिर के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी निखिलेश मिश्रा, एसडीएम शंभू शरण, विशेष कार्याधिकारी उमेश सिंह आदि थे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों को लेकर गंजारी में तैयारी जोरों पर है। जर्मन हैंगर का तीन भाग में पंडाल बनाया जा रहा है। एक मुख्य पंडाल और दो उसके अगल-बहल बनाए जा रहे हैं। साथ ही कार्यक्रम में किसी प्रकार का व्यवधान ना हो इसलिए पंडाल के किनारे-किनारे नाली बनाई जा रही है। साथ में समुचित व्यवस्था किया जा रहा है कि किसी भी समस्या से निपटा जा सके। विद्यालय में बनाया गया है स्पेस रूमअटल आवासीय विद्यालय में अंतरिक्ष क्लास (स्पेस रूम ) बनाया गया है। क्लास में चंद्रयान-3 और आदित्य एल-1 और टेलीस्कोप, मानव संरचना के साथ ही एस्ट्रोलोजी के बारे में चित्र और उसकी जानकारी को दी गई है। साथ ही विद्यालय में कंप्यूटर बायोलाजी, केमेस्ट्री, फिजिक्स लैब भी बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने सभी को देखा और सराहना की।