
बिश्रामपुर। करंजी गांव स्थित सूरज डीजे साउंड सिस्टम दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब दो लाख रुपये लागत के तीन नग एमप्लीफायर की चोरी कर ली है। करंजी पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपित के विरुद्ध धारा 457, 380 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। इसकी रिपोर्ट सूरज डीजे साउंड सिस्टम दुकान के संचालक संजय यादव ने करंजी चौकी में दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर की रात को उसके भतीजे ने दुकान बंद की थी। 16 सितंबर को सुबह दुकान पहुंचने पर उसने पाया कि अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। दुकान संचालक ने बताया कि चोरों ने दुकान में रखा एमप्लीफायर समेत नौ हजार वाट का ऑडियोटोन कंपनी का एमप्लीफायर एवं 4500 वाट का एमप्लीफायर चोरी कर लिया है।इसकी लागत उन्होंने करीब दो लाख रुपये बताई। करंजी पुलिस ने एफआईआर में चोरी एमप्लीफायर की कीमत 50 हजार रुपये दर्शाई है। मामले में पुलिस अभी तक चोरी का सुराग लगा पाने में नाकाम रही है।















