
नईदिल्ली, २6 सितम्बर । पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का आज जन्मदिन है। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी। इसके साथ ही उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। वहीं, कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने उनकी प्रशंसा कर कहा कि वह एक सच्चे प्रधानमंत्री थे, जिनके काम उनके शब्दों से ज्यादा बोलते थे। 91 वर्षीय मनमोहन सिंह ने साल 2004 से 2014 के बीच प्रधानमंत्री के रूप में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार का नेतृत्व किया था। वह 1991-96 के दौरान पीवी नरसिम्हा राव के नेतृत्व वाली सरकार में भारत के वित्त मंत्री भी रहे थे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जन्मदिन पर बधाई दी। मोदी ने कहा कि मनमोहन सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं। हम उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि वह एक ऐसी शख्सियत हैं, जिन्होंने राजनीति में सादगी और गरिमा का उदाहरण पेश किया है।