युवतियों को स्वच्छता की जानकारी होना आवश्यक

कोरबा। आज शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं यूथ रेडक्रास सोसायटी के संयुक्त तत्वाधान में महावारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य चेतना जागरूकता पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर माला निषाद जिला प्रभारी एवं श्रीमती कुसुम मरकाम, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर आई.आई.एफ. चैरिटेबल ट्रस्ट, कोरबा उपस्थित हुए। महाविद्यालय के प्राचार्य एवं एन.एस.एस के संरक्षक डॉ. राजेंद्र सिंह ने आज के जीवन शैली में ढली युवतियों के गिरते स्वास्थ्य के प्रति चिंता जताते हुए आज के इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की छात्राओं के लिए किया। महाविद्यालय की एन.एस.एस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. डेज़ी कुजूर ने कार्यक्रम के आयोजन के उद्देश्य के संबंध में कहा कि छात्राएं अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत नहीं है। इस लापरवाही और अज्ञानता के कारण वे अपने जीवन को जोखिम में डाल रहीं हैं। छात्राओं के स्वस्थ भविष्य के लिए ऐसे कार्यक्रम के आयोजन की बेहद आवश्यकता है। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर उपस्थित माला निषाद, जिला प्रभारी आई.आई.एफ. चैरिटेबल ट्रस्ट, कोरबा ने छात्राओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि मासिक धर्म और इससे संबंधित व्यवहारों में आज भी कई सामाजिक और सांस्कृतिक अवरोध है, जिसका दुष्प्रभाव किशोरियों एवं युवतियों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। इस दौरान स्वच्छ तौर तरीके अपनाने और साफ सफाई का ध्यान न रखने के कारण कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है । मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत साफ सफाई एवं स्वच्छता के प्रबंधन की जानकारी होना आवश्यक है।

RO No. 13467/11