तुलजा भवानी मंदिर की विकास योजना के विरोध में पुजारियों, दुकानदारों ने बंद रखा

नईदिल्ली,1२ अक्टूबर । महाराष्ट्र के तुलजापुर में प्रसिद्ध तुलजा भवानी मंदिर के निकट पुजारियों और दुकानदारों ने मंदिर को विकसित करने संबंधी सरकार की योजना के विरोध मे बंद रखा। पुजारियों के संघ ने यह जानकारी दी। जिला प्रशासन ने अनुमानित 1,300 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर परिसर को विकसित करने की योजना बनाई है। संघ के प्रमुख किशोर गगने ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”नई योजना के तहत ‘दर्शन मंडप’ मंदिर से दूर बनाया जायेगा जबकि भक्तों को पीछे के प्रवेश द्वार से मंदिर में आना होगा। साथ ही पार्किंग स्थल दर्शन मंडप से कुछ दूरी पर होगा। हम चाहते हैं कि मंडप मंदिर के निकट हो।” उन्होंने दावा किया कि मंदिर के निकट स्थित दुकानों के मालिकों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि मंदिर के वर्तमान प्रशासनिक भवन का इस्तेमाल ‘दर्शन मंडप’ के रूप में किया जाना चाहिए।

RO No. 13467/11