
जांजगीर-चांपा। आचार संहिता लगने के साथ ही पुलिस भी सक्रिय हो गई है। लाइसेंसधारी लोगों के शस्त्र थानों में जमा कराए जा रहे हैं ताकि चुनाव के दौरान शस्त्रधारी किसी बड़ी वारदात को अंजाम न दे सकें। जिले में 454 लाइसेंसधारी हैं जिनमें से अब तक 364 लोगों ने थानों में शस्त्र जमा किया है। वहीं 90 लाइसेंसधारी ऐसे हैं जिन्होंने अपना शस्त्र जमा नहीं किया है। उधर गुरूवार को आईजी ने इसकी वर्चुअल बैठक लेकर समीक्षा करते हुए दो दिवस के भीतर सभी लायसेंसी शस्त्रों को शत-प्रतिशत जमा कराने के निर्देश दिए हैं।
विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर पुलिस विभाग जुटी हुई है। अधिकारी कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के साथ ही शांति और सुरक्षा के साथ निर्वाचन कार्यपूर्ण कराना पुलिस के लिए चुनौती है। विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस ने पहले ही शस्त्र जमा कराने अल्टीमेटम दे दिया था जिसके बाद थानों में शस्त्र जमा होने लगे थे। आचार संहिता लगने के बाद इसमें और तेजी आ गई है। जिले में बड़ी संख्या में लोग बंदूक रखने के शौकिन हैं। इसके लिए उन्होंने बकायदा कलेक्टर से लाइसेंस भी बनवाया है। जिले में 454 लाइसेंसधारी हैं। चुनाव को देखते हुए शांति और सुरक्षा की दृष्टि से शस्त्रों को थानों में जमा कराया जाता है। ऐसे में सभी लाइसेंसधारियों के शस्त्र को नजदीक थानों में जमा कराने के निर्देश एसपी ने पिछले दिनों थाना और चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर दिए थे। इसके बाद थानों में शस्त्र जमा कराए जा रहे हैं। उधर गुरूवार को आईजी अजय यादव ने वर्चुअल बैठक लेकर इसकी समीक्षा करते हुए दो दिवस के भीतर सभी लायसेंसी शस्त्रों को शतप्रतिशत जमा कराने के निर्देश दिए हैं। गुरूवार 12 अक्टूबर तक 364 लोगों ने थानों में शस्त्र जमा कराए । वहीं 90 लाइसेंसधारी ऐसे हैं जिन्होंने अपना शस्त्र जमा नहीं किया है। जिन लोगों ने शस्त्र थानों में जमा नहीं किया है पुलिस उन तक पहुंचकर शस्त्र जमा करने का आग्रह कर रही है। चुनाव के दौरान वोट के लिए कोई भी व्यक्ति अपने क्षेत्र में भय एवं आतंक का वातावरण निर्मित न कर सके। जिसे देखते हुए उनका शस्त्र थानों में जमा कराया जाता है। ताकि चुनाव पर इसका प्रभाव न पड़े। इसके लिए प्रशासन अलर्ट है। शस्त्रधारियों को हर हाल में शस्त्र जमा करने दबाव बनाया जा रहा है। जिले में बैंक व अन्स सुरक्षा एजेंसी के 61 गार्ड के पास शस्त्र हैं। बैंक में सुरक्षा की दृष्टिकोण से शस्त्र जमा नहीं कराए जा रहे हैं। लेकिन छूट के लिए उन्हें कलेक्टर के पास आवेदन करना होगा। बैंकों में ऐसे दर्जनों शस्त्र हैं। जिसे जमा कराना अनिवार्य नहीं बताया गया है। क्यों कि शस्त्र नहीं होने से बैंक में कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है। शुक्रवार तक 61 सुरक्षा गार्ड में से 51 ने छूट के लिए आवेदन किया है। विधानसभा चुनाव के लिए सभी लाइसेंसधारियों को थानों में शस्त्र जमा करना अनिवार्य है। जिले में 454 लाइसेंसधारी हैं जिनमें से अब तक 364 लोगों ने थानों में शस्त्र जमा किया है। 90 लाइसेंसधारी ऐसे हैं जिन्होंने अपना शस्त्र जमा नहीं किया है। जिन्होंने शस्त्र जमा नहीं किया है पुलिस उनके पास पहुंचेगी और शस्त्र जमा लेगी। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं।



























