डीजल की लूट करने के मामले में पकड़े गये 3 आरोपी

जांजगीर-चांपा। ट्रेलर चालक से मारपीट कर ट्रेलर की टंकी से डीजल लूटकर ले जाने वाले 3 आरोपितों के पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार पिपरिया तहसील बैहर जिला बालाघाट (म.प्र.) निवासी धमेन्द्र मानेश्वर ने अकलतरा थाने में 7 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 6 अक्टूबर की रात आल्हा पेट्रोल पम्प अकलतरा के पास ट्रेलर को खड़ी कर सोया था । रात्रि करीबन 3 बजे के आस-पास सफेद स्कार्पियो से 3-4 लोग उतरकर आए और चालक से मारपीट करते हुए ट्रेलर की टंकी से डीजल को निकाल कर ले गए । उसके पर्स में रखे 1860 रूपए को भी लूट कर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के विरूद्ध भादवि की धारा 394 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बगडबरी थाना बलौदा निवासी अमित भारद्वाज, अजय भास्कर और शिव रजक इस वारदात में शामिल हैं तब पुलिस ने उन्हें उनके घर से पकड़ा और हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने 90 लीटर लूट का डीजल एवं घटना में प्रयुक्त स्कार्पियाो सीजी- 12 एएम 2064 को जब्त किया। प्रकरण के अन्य आरोपित फरार हैं। पुलिस ने प्रकरण की विवेचना के दौरान धारा 395 जोड़ी और फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तुलसिंह पट्टावी, एएसआई अरुण सिंह, आरक्षक प्रदीप दुबे, राघवेन्द्र घृतलहरे, शशिकांत कश्यप का योगदान रहा।

RO No. 13467/11