डेढ़ लाख की लूट और धोखाधड़ी का मामला पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

कोलकाता, 14 अक्टूबर [एजेंसी]।
कोलकाता पुलिस ने एक व्यक्ति से 1.15 लाख रुपये की धोखाधड़ी और लूट में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपियों के नाम मोहम्मद मिंटू (40), मोहम्मद रफीक (27) और इस्माइल शेख (22) है। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 31 अगस्त की है, जब तीनों आरोपितों ने शिकायतकर्ता, जिसकी पहचान अजय कुमार साह के रूप में हुई, को बड़ी संख्या में विदेशी मुद्रा नोटों के बदले 1.15 लाख रुपये नकद में देने के लिए मना लिया।इसके बाद तय स्थान पर बुलाकर आरोपितों ने साह को करेंसी नोटों के आकार में कटे हुए साधारण कागजों के बंडलों से भरा एक बैग थमाकर उनके द्वारा लाई गई 1.15 लाख रुपये की नकदी लेकर भाग गए थे।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस मामले में एक सितंबर को कोलकाता के तारातल्ला थाने में आईंपीसी की धारा 420/120बी के तहत मामला दर्ज किया गया था।अधिकारी ने आगे बताया कि विश्वसनीय जानकारी के आधार पर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर तकनीक की मदद से तीनों आरोपितों को पकडऩे में सफलता मिली। आरोपितों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर लूटे गए रकम में से 1.13 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए गए। पुलिस ने आगे बताया कि तीनों आरोपितों को अदालत में पेश करने पर 16 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

RO No. 13467/11