
बलरामपुर। विधानसभा चुनाव हेतु भाजपा ने अपनी पहली सूची में रामानुजगंज विधानसभा के लिए पुराने चेहरे पर दांव लगाते हुए राम विचार नेताम पर भरोसा किया। सामरी विधानसभा की दूसरे सूची में महिला नेत्री उद्धेश्वरी पैकरा को प्रत्याशी घोषित किया गया है। अभी तक कांग्रेस के प्रत्याशी घोषित नहीं होने से टिकट को लेकर राजनैतिक माहौल गरमाया हुआ है। सामरी विधानसभा से विधायक चिंतामणि महाराज एवं रामानुजगंज विधानसभा से विधायक बृहस्पत सिंह के टिकट को लेकर अब अभी सस्पेंस बरकरार है। इन दो विधानसभा में कांग्रेस के मौजूदा विधायक के अलावा अन्य उम्मीदवार भी मजबूती से अभी तक मैदान में डटे हुए हैं। सभी टिकट मिलने का दावा कर रहे हैं। रामानुजगंज व सामरी विधानसभा में प्रत्याशी घोषित करने में भाजपा ने बाजी मारी है। दोनों विधानसभा में प्रत्याशी घोषित नहीं होने से कांग्रेस नेताओं की बेचैनी बढ़ते जा रही है। तीनों विधानसभा में कांग्रेस के प्रत्याशी घोषित होने के बाद ही मुकाबला की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। भाजपा के राम विचार नेताम सातवीं बार जहां विधानसभा में अपनी किस्मत आजमाएंगे वही नए चेहरों पर भाजपा ने दांव लगाते हुए सामरी से उद्धेश्वरी पैकरा पर विश्वास जताया है। भाजपा की सरकार में 10 वर्ष मंत्री रहे पूरे राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा संगठन के राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न पदों पर रह चुके राम विचार नेताम को भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है। रामविचार नेताम को 2013 के विधानसभा चुनाव में पटकनी देने वाले बृहस्पत सिंह तीसरी बार विधानसभा चुनाव के लिए दावेदारी कर रहे हैं। अंबिकापुर के महापौर डॉक्टर अजय तिर्की का भी कांग्रेस से टिकट के लिए दावा मजबूत है वह भी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं। रामानुजगंज विधानसभा छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण विधानसभा में एक है जहां सब की निगाहें टिकी हैं।























