दहन से पहले ही धू-धू कर जल उठा रावण

अंबिकापुर। विजयादशमी का पर्व मंगलवार को परंपरानुसार मनाया गया। भव्य आतिशबाजी और लोगों की भारी भीड़ के बीच मंगलवार की रात शहर के पीजी कालेज मैदान में दहन के पहले ही बुराई के प्रतीक रावण का पुतला पटाखे की चिंगारी से धू-धू कर जल उठा। बाद में मेघनाद तथा कुंभकर्ण के पुतले का दहन किया गया। आचार संहिता प्रभावशील होने के कारण रावण दहन कार्यक्रम पर प्रशासन की भी नजर लगी रही। प्रशासन की निगरानी में यह आयोजन हुआ। विजयादशमी पर्व पर सरगुजा सेवा समिति, नागरिक समिति के तत्वावधान में होने वाले रावण दहन उत्सव को लेकर दोपहर बाद से ही शहर में उमंग और उल्लास का वातावरण निर्मित हो गया था। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से भी बच्चे, बूढ़े, युवाओं के साथ महिलाओं का समूह कालेज मैदान की ओर कूच कर रहा था,ताकि अंतिम समय में रावण दहन उत्सव में शामिल होने पीजी कालेज मैदान में प्रवेश हेतु उन्हें परेशान न होना पड़े। इधर दोपहर में श्रीराम मंदिर से आयोजन समिति द्वारा बाजे – गाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। जीवंत झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा का मार्ग में जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया गया। भव्य आतिशबाजी और पुष्प वर्षा कर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा शाम को पीजी कालेज मैदान पहुंची। शोभायात्रा के पहुंचने से पहले ही पीजी कालेज मैदान लोगों से भर चुका था। पुलिस व प्रशासन द्वारा पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई थी। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।

RO No. 13467/10