विवेक अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स 2 साल बाद भी चर्चा में रहती है। हाल ही में फिल्म ने राष्ट्रीय पुरस्कार भी जीता है।बीते दिनों विवेक की फिल्म द वैक्सीन वॉर रिलीज हुई थी। फिल्म को समीक्षकों की मिली जुली प्रतिक्रिया मिली, लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पाई।द वैक्सीन वॉर के बाद अब उन्होंने अपनी अगली फिल्म पर्व की घोषणा कर दी है। यह फिल्म 3 भागों में आएगी।
विवेक की यह फिल्म एसएल भैरप्पा की किताब पर्व पर आधारित है। कन्नड़ भाषा का यह उपन्यास महाभारत की कहानी को नए तरीके से कहता है। इसमें महाभारत के सभी किरदारों के आंतरिक संघर्ष को दिखाया गया है। भैरप्पा की इस कृति को खूब सराहना मिल चुकी है।यह फिल्म 3 भागों की एक फ्रैंचाइजी होगी। इस पर काम शुरू हो चुका है।इस घोषणा के से विवेक के प्रशंसक उनकी इस फिल्म के लिए उत्सुक है।
विवेक ने फिल्म की घोषणा करते हुए एक्स पर लिखा, बड़ी घोषणा! महाभारत इतिहास है या पुराण? हम आई एम बुद्धा (विवेक की निर्माता कंपनी) के लोग ईश्वर को धन्यवाद देते हैं कि हम पद्मभूषण डॉ एसएल भैरप्पा की मॉडर्न क्लासिक पर्व- धर्म की अनोखी कहानी को प्रस्तुत कर रहे हैं।इसके साथ ही उन्होंने एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि 17 सालों की रिसर्च के बाद भैरप्पा ने यह किताब लिखी है।
विवेक ने कहा, ऐसी कोई कहानी नहीं, जिसका स्त्रोत महाभारत नहीं। क्या महाभारत मात्र एक काव्य है या भारत की अंतररात्मा? सदियों से यह भी प्रश्न उठता आया है कि महाभारत इतिहास है या पुराण?भैरप्पा की रचना के बारे में उन्होंने कहा, कुछ तो कारण होगा कि इसे सर्वश्रेष्ठ रचना कहा जाता है। कई भाषाओं में इसका अनुवाद हो चुका है। हमें खुशी है कि इसे बड़े पर्दे पर उतारने की जिम्मेदारी हमें मिली।
हाल ही में विवेक की द कश्मीर फाइल्स ने राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है। 69वें राष्ट्रीय पुरस्कार में इस फिल्म को राष्ट्रीय एकता पर सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के लिए नरगिस दत्त पुरस्कार दिया गया। विवेक ने यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ग्रहण किया।इसी फिल्म के लिए पल्लवी जोशी को सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेत्री का पुरस्कार भी मिला।द कश्मीर फाइल्स मार्च में आई थी, जिसमें अनुपम खेर ने मुख्य भूमिका निभाई थी। एसएस राजामौली कई बार बता चुके हैं कि उनकी सभी फिल्में महाभारत पर उनकी फिल्म की तैयारी मात्र हैं। मधु मंटेना महाभारत पर बड़े बजट की फिल्म बना रहे हैं। आमिर खान भी कह चुके हैं कि महाभारत पर फिल्म बनाना उनका सपना है।