
शिमला। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार करवार चौथ के दिन धूप खिली रहेगी। शाम के समय भी मौसम साफ रहेगा। चांद के दीदार में कोई व्यवधान नहीं आएगा। हालांकि 2 व 3 नवंबर को प्रदेश में ऊंची चोटियों पर एक दो स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। जबकि अधिकतर स्थानों पर मौसम साफ रहेगा। प्रदेश मे धूप के खिलने के बावजूद अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को दिन की शुरुआत खिली धूप के साथ हुई। हालांकि, दोपहर के समय हल्के बादल बाए।
प्रदेश में लगातार धूप के खिलने से मैदानी क्षेत्रों में रात्रि को ज्यादा सर्दी दर्ज की जा रही है। शिमला से ज्यादा सर्द रातें मंडी और सोलन में दर्ज की जा रही हैं। शिमला का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री जबकि मंडी में 8.3, चंबा 11.2 और सोलन में 7.9 डिग्री दर्ज किया गया है। जैसे-जैसे धूप दिन में तेज पड़ रही है रात्रि व सुबह का तापमान मैदानी क्षेत्रों में उतना कम हो रहा है। सुबह और शाम की ठंडक बढ़ गई है, जबकि दिन में चटक धूप पड़ रही है।
——————-