
वॉशिंगटन, 0२ नवंबर । इजरायल हमास युद्ध का आज 27वां दिन है। गाजा पट्टी में चल रहे संघर्ष के बीच इजरायली सेना ने दावा किया कि सात अक्टूबर को लगभग 3,000 हमास के आतंकवादियों ने गाजा सीमा से जानलेवा हिंसा को अंजाम देने के लिए दक्षिणी इजरायल पर हमला किया। एक तरफ जहां अमेरिका, इजरायल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। वहीं, ईरान जैसा देश हमास के साथ खड़ा है। बुधवार को व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता जॉन किर्बी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका को विश्वास नहीं है कि इजरायल के साथ युद्ध समाप्त होने पर ईरान समर्थक फलस्तीनी आतंकवादी समूह हमास गाजा पट्टी पर भविष्य में शासन कर सकता है।उन्होंने कहा कि अमेरिका को यह नहीं लगता कि यह युद्ध विराम का समय है। लेकिन, मानवीय सुरक्षा के लिए युद्ध पर लगाम लगाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि गाजा में हमास का नियंत्रण समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि मुझे लगता है कि हमास गाजा में शासन नहीं कर सकते। इस युद्ध के बाद गाजा में क्या होगा इसका जवाब अभी हमारे पास नहीं है। हालांकि, हम इस युद्ध क्षेत्र में अपने सहयोगियों के संपर्क में हैं।






























