
जालंधर। आम आदमी पार्टी के जालंधर उत्तरी क्षेत्र के प्रभारी दिनेश ढल्ल के भाई आप नेता अमित ढल्ल के खिलाफ उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के थाना बिहानी गेट में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। 16 अप्रैल 2023 को दर्ज हुए इस मामले में अमित ढल्ल पर सिगरेट बेचने के नाम पर लाखों की ठगी करने का आरोप लगा है। इस मामले में दो दिन से उत्तर प्रदेश पुलिस जालंधर में डेरा जमाए हुए है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी की बात सामने नहीं आई है। अमित ढल्ल के रिश्तेदारों का कहना है कि अमित का कंपनी से करार दो साल पहले ही खत्म हो चुका था। उनका नाम बेवजह घसीटा गया है। जानकारी के मुताबिक वहां की कंपनी की शिकायत पर अमित ढल्ल सहित आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश रचने का मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में अमित और बाकी साथियों की गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस जालंधर आई है।


























