
नईदिल्ली, 0३ नवंबर । कानून एवं न्याय मंत्रालय ने गुरुवार को चार हाई कोर्टों में छह वकीलों और सात न्यायिक अधिकारियों की जज के रूप में नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी। इसके मुताबिक, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में सात, पटना हाई कोर्ट में दो, गुवाहाटी हाई कोर्ट में एक और पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में तीन जजों की नियुक्ति की गई है। प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले कलेजियम ने 17 अक्टूबर, 2023 को वकील विनय सर्राफ व विवेक जैन और न्यायिक अधिकारियों राजेंद्र कुमार वानी, प्रमोद कुमार अग्रवाल, विनोद कुमार द्विवेद्वी, देव नारायण मिश्रा व गजेंद्र सिंह को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में जज के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की थी।उसी दिन कलेजियम ने न्यायिक अधिकारियों रुद्र प्रकाश मिश्रा और रमेश चंद मालवीय को पटना हाई कोर्ट में जज के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की थी। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में जज के रूप में नियुक्ति के लिए कलेजियम ने वकील सुमित गोयल, सुदीप्ति शर्मा व कीर्ति सिंह के नामों की सिफारिश की थी। कलेजियम ने गुवाहाटी हाई कोर्ट के लिए वकील कौशिक गोस्वामी की जज के रूप में नियुक्ति की सिफारिश की थी। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने दिल्ली समेत आठ हाई कोर्टों में 11 न्यायिक अधिकारियों और छह वकीलों की जजों के रूप में नियुक्तियां की गई थीं।
































