
कोरिया बैकुंठपुर। पुलिस ने जिला बदर किए गए आदतन अपराधी संजय अग्रवाल को मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले ही सिटी कोतवाली में विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। वहीं एक अन्य मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। बता दें कि आरोपी के खिलाफ जिला दण्डाधिकारी कोरिया कार्यालय से हाल ही में जिला बदर किए जाने का आदेश जारी हुआ है। पुलिस के अनुसार ग्राम मनसुख के संतकुमार चेरवा ने अजाक थाना रिपोर्ट दर्ज कराया था कि एट्रोसिटी एक्ट की आरोपी सीमा अग्रवाल की अग्रिम जमानत कराने के लिए बैकुंठपुर के संजय अग्रवाल ने कट्टा दिखा कर उसके साथ मारपीट कर चिरमिरी गोदरीपारा के चंदन शर्मा के साथ मिलकर अपहरण कर अग्रिम जमानत में कोई आपत्ति नहीं होने का शपथ पत्र हाईकोर्ट बिलासपुर में दिलाए थे। शिकायत पर डीएसपी अजाक नेलशन कुजूर ने मामले की जांच की। जांच के दौरान पीडि़त, गवाह, स्वतंत्र गवाहों के कथन पर, शिकायत पत्र की जांच पर प्रमाणित पाए जाने से आरोपी संजय अग्रवाल व चिरमिरी गोदरीपारा के चंदन शर्मा के खिलाफ के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। एसडीओपी कविता ठाकुर की जांच के दौरान आरोपी संजय अग्रवाल के खिलाफ अपराध की जानकारी एसपी कोरिया को दी गई। जिस पर एसपी कोरिया त्रिलोक बंसल ने टीम गठित कर व एएसपी मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में एसडीओपी कविता ठाकुर पुलिस टीम के साथ थाना ओरछा जिला टीकमगढ़ मध्यप्रदेश से आरोपी संजय अग्रवाल को गिरफ्तार कर थाना अजाक बैकुंठपुर लेकर आईं जिसे न्यायिक रिमाण्ड पर न्यायालय में पेश किया गया।





























